Why Should We Hire You: जॉब इंटरव्यू के दौरान लगभग हर उम्मीदवार से एक अहम और चुनौतीपूर्ण सवाल पूछा जाता है—"Why should we hire you?" यानी "हम आपको इस पद के लिए क्यों चुनें?" यह सवाल सुनने में भले ही सामान्य लगता है, लेकिन इस सवाल पर आपका सिलेक्शन टीका होता है। जी हां, यह सवाल जॉब मिलेगी या नहीं, इसमें बहुत अहम भूमिका निभाता है। इसका सही जवाब जहां आपको नौकरी मिल सकती है, वहीं गलत जवाब आपके रिजेक्शन का कारण भी बन सकता है। अक्सर देखा गया है कि अभ्यर्थी इस सवाल के जवाब में केवल अपनी योग्यताओं की सूची गिनाने लगते हैं या फिर अति-आत्मविश्वास (Overconfidence) दिखा बैठते हैं। असल में, यह सवाल इंटरव्यूअर के सामने अपनी उपयोगिता साबित करने और खुद को अन्य उम्मीदवारों से अलग दिखाने का बेहतरीन मौका होता है। तो आइए जानते है कि Why should we hire you? सवाल का जवाब कैसे दें।
इंटरव्यूअर क्यों पूछता है यह सवाल?
जॉब इंटरव्यू (Job Interview Question) के दौरान इंटरव्यूअर इस सवाल को क्यों पूछते हैं। सवाल का जवाब कैसे दें यह जानने से पहले आपके लिए इस सवाल के पीछे एम्प्लॉयर की सोच को समझना और जानना जरूरी है। एक बार आपको यह समझ आ गया तो आपके लिए आंसर करना आसान हो जाएगा।
प्रॉब्लम सॉल्विंग अप्रोच: कंपनी जिस काम या चुनौती के लिए भर्ती कर रही है, क्या आप उसे हल कर सकते हैं?
कंपनी कल्चर में फिट: क्या आपकी कार्यशैली कंपनी के माहौल और वैल्यू (Work Culture) से मेल खाती है?
आत्मविश्वास और स्पष्टता: आपको अपनी क्षमताओं पर कितना भरोसा है और आप पद की जिम्मेदारियों को लेकर कितने स्पष्ट हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - इंटरव्यू में 'Tell Me About Yourself' सवाल का कैसे दें जवाब, सिलेक्शन होगा आसान
सटीक जवाब तैयार करने का 3-स्टेप फॉर्मूला
इस सवाल का जवाब देते समय आपको 'स्किल्स + एक्सपीरियंस + कंपनी वैल्यू' का संतुलन बनाना चाहिए। आइए इसे 3 स्टेप्स में समझते हैं।
1. कंपनी की जरूरत और अपनी स्किल्स को जोड़ें
सबसे पहले जॉब डिस्क्रिप्शन में दी गई मुख्य जिम्मेदारियों को ध्यान से पढ़ें। अपने जवाब में यह बताएं कि आपकी मुख्य खूबियां उस पद की आवश्यकताओं से कैसे मेल खाती हैं। उदाहरण के तौर पर - 'इस रोल के लिए जिस प्रकार के प्रोजेक्ट मैनेजमेंट और डेटा एनालिसिस की आवश्यकता है, उसमें मेरी गहरी पकड़ है। मैंने पिछले 3 सालों में इन्हीं स्किल्स का उपयोग करके कई सफल प्रोजेक्ट्स पूरे किए हैं।.
2. अपनी उपलब्धियों का उदाहरण दें
केवल यह कहना काफी नहीं है कि आप मेहनती हैं, अपनी बात को साबित करने के लिए अपने पिछले अनुभव से कोई ठोस उदाहरण या आंकड़े साझा करना भी जरूरी है। उदाहरण के अनुसार, समझें तो - "अपनी पिछली कंपनी में मैंने न केवल टीम के साथ मिलकर काम किया, बल्कि नई स्ट्रेटजी अपनाकर सेल्स में 25% का इजाफा किया था। यही अनुभव और अप्रोच मैं इस कंपनी में भी लाना चाहता हूं।"
3. कंपनी के प्रति अपना जुड़ाव और विजन दिखाएं
जवाब के अंत में यह स्पष्ट करें कि आप इसी कंपनी में क्यों काम करना चाहते हैं और आप कंपनी के विकास में कैसे योगदान दे सकते हैं। उदाहरण के तौर पर "आपकी कंपनी [कंपनी का नाम] जिस तरह से इनोवेशन और नई टेक्नोलॉजी पर काम कर रही है, उससे मैं काफी प्रभावित हूं। मुझे विश्वास है कि मेरी स्किल्स और सीखने की क्षमता आपकी टीम के लक्ष्यों को हासिल करने में मददगार साबित होगी।"
अक्सर लोग ये मेरी ड्रीम कंपनी है, यहां मुझे सीखने के अच्छे अवसर मिलेंगे, मेरी ग्रोथ के लिए यह अवसर अच्छा है आदि बोलते हैं। लेकिन इसमें इंटरव्यूअर को केवल यह दिखाई देता है कि कंपनी आपको क्या दे सकती है, बजाए इसके कंपनी को आप क्या देंगे। इसलिए आपको उन्हें यह बताना है कि आप कंपनी के लिए एक योग्य उम्मीदवार कैसे हैं और आपको हायर करने से उन्हें कितना लाभ हो सकता है।
जवाब देते समय इन बातों का रखें विशेष ध्यान
जॉब डिस्क्रिप्शन के हिसाब से आंसर को कस्टमाइज करें - हर कंपनी और हर जॉब रोल के लिए एक ही रटा-रटाया जवाब न दें। कंपनी के हिसाब से अपने उत्तर में बदलाव करें।
ओवर-कॉन्फिडेंस से बचें - खुद को सर्वश्रेष्ठ साबित करने के चक्कर में अन्य उम्मीदवारों की अवहेलना न करें और न ही बहुत ज्यादा घमंड दिखाएं।
संक्षिप्त और सटीक रहें - आपका जवाब 1 से 2 मिनट का होना चाहिए। बहुत ज्यादा लंबी कहानी सुनाने के बजाय सीधे काम की बात पर आएं।
रटने के बजाय नेचुरल रहें - उत्तर को रटने के बजाय मुख्य बिंदुओं (Bullet Points) को याद रखें ताकि बात करते समय आपका लहजा स्वाभाविक और आत्मविश्वास से भरा लगे।
फ्रेशर्स कैसे दें इस सवाल का जवाब?
अनुभवी उम्मीदवार तो अपने कार्य अनुभव के आधार पर अपनी योग्यता दर्शा सकते है, लेकिन सबसे बड़ी चुनौती यहां फ्रेशर्स के लिए होती है कि वह कैसे अपनी योग्यता साबित करेंगे। परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। भले ही आपके पास कार्य अनुभव नहीं है, लेकिन इस सवाल के जवाब में आप अपनी टेक्निकल स्किल, शैक्षणिक योग्यता और अन्य प्रोजेक्ट के बारे में बता सकते हैं। अपनी सीखने की तेज गति और माहौल से साथ ढलने की क्षमता को दिखा सकते हैं। कॉलेज के दौरान, इवेंट, सोसाइटी और इंटर्नशिप के कार्य को उनके सामने रख सकते हैं। बस आपको आंसर शांत रहते हुए आत्मविश्वास से साथ देना है।
