शहर

शाहजहांपुर में शर्मनाक करतूत: जलती चिता पर मांस पका रहे थे 3 शराबी, मृतक के बेटे ने रोका तो दी धमकी, गिरफ्तार

Shahjahanpur Crime: यूपी के शाहजहांपुर स्थित पुवाया के नत्थापुर गांव में एक श्मशान घाट में जलती चिता पर तीन शराबी मांस पकाते पकड़े गए।

Image

शाहजहांपुर में शर्मनाक करतूत: जलती चिता पर मांस पका रहे थे 3 शराबी, मृतक के बेटे ने रोका तो दी धमकी, गिरफ्तार

Shahjahanpur News: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले से इंसानियत और आस्था को तार-तार कर देने वाला एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक श्मशान घाट में जलती चिता की आग पर तीन शराबी बर्तन रखकर मांस पका रहे थे। जब मृतक के बेटे ने श्मशान पहुंचकर इस घिनौनी हरकत का विरोध किया, तो आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दे डाली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

बुजुर्ग के अंतिम संस्कार के बाद श्मशान पहुंचे थे आरोपी

यह पूरी घटना शाहजहांपुर के पुवाया थाना क्षेत्र स्थित नत्थापुर गांव की है। गांव के निवासी 60 वर्षीय बुजुर्ग छोटेलाल की लंबी बीमारी के बाद मौत हो गई थी। दोपहर के बाद परिजन और ग्रामीण शव को अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट लेकर पहुंचे। मृतक के बेटे वीरपाल ने रीति-रिवाज के अनुसार मुखाग्नि दी और सभी लोग वापस घर लौट आए।

अंतिम संस्कार के करीब डेढ़ घंटे बाद बेटा वीरपाल यह देखने के लिए दोबारा श्मशान घाट गया कि शव सही तरीके से जल रहा है या नहीं।

चिता पर पक रहा था मांस, मना करने पर दी धमकी

जब वीरपाल श्मशान घाट पहुंचा तो वहां का दृश्य देखकर उसकी आंखें फटी रह गईं। गांव के ही तीन शराबी जलती हुई चिता की आग पर बर्तन रखकर मांस पका रहे थे। जब वीरपाल ने इस पर कड़ा ऐतराज जताया और रोकने की कोशिश की, तो तीनों शराबी मारपीट पर उतारू हो गए। उन्होंने वीरपाल के साथ गाली-गलौज की और उसे जान से मारने की धमकी भी दी।

पुलिस ने तुरंत लिया एक्शन, तीनों आरोपी गिरफ्तार

घटना से सहमे पीड़ित वीरपाल ने तुरंत पुवाया थाना पुलिस को पूरे मामले की सूचना दी। चिता पर मांस पकाने की खबर सुनते ही पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। प्रभारी निरीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर तीनों आरोपियों—रामचरन, सुरेंद्र और राजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को जेल भेजने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!