भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर उत्तर प्रदेश में ‘फूट डालो और राज करो’ की राजनीति करने का आरोप लगाया है। मेरठ में बीजेपी के शक्ति केंद्र संयोजकों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए नबीन ने कहा कि उनकी पार्टी किसी भी स्थिति में इस नीति को यूपी में दोबारा लागू नहीं होने देगी।
नवीन ने कहा कि भले ही आजादी के समय अंग्रेजों ने देश छोड़ दिया, लेकिन पहले कांग्रेस और फिर इन समाजवादियों ने फूट डालो और राज करो की नीति अपनाई। हम आज यहां यह संकल्प लेने के लिए एकत्रित हुए हैं कि हम किसी भी परिस्थिति में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और सपा की इस नीति को दोबारा लागू नहीं होने देंगे। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले विपक्ष के प्रयासों का मुकाबला करने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की अपील की।
राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पर निशाना
इस दौरान भाजपा अध्यक्ष ने राहुल गांधी के इंदौर में हुए ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने कार्यक्रम को 'झूठ की गूंज' करार देते हुए कहा कि झूठ ज्यादा समय तक नहीं चलता। उन्होंने राहुल गांधी से सवाल किया कि क्या उन्होंने अमेठी के युवाओं से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और रोजगार के लिए कोई काम किया। उन्होंने दावा किया कि युवाओं के लिए काम बीजेपी सरकार ने किया है।
सपा पर भी लगाए आरोप
भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के नेता पूरे उत्तर प्रदेश में घूमकर लोगों को बांटने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस और सपा पर पिछड़े वर्गों और दलितों की बात करने के बावजूद परिवार तक सीमित रहने का आरोप भी लगाया। उन्होंने बिना नाम लिए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तंज कसा। नितिन नवीन ने कहा कि कुछ लोग जो नल के फिटिंग तक चुराते थे, आज दावा कर रहे हैं कि वे राज्य में सरकार बनाएंगे और युवाओं का भविष्य उज्ज्वल करेंगे। जो लोग सिर्फ अपने परिवार के भविष्य के बारे में सोचते हैं, वे उत्तर प्रदेश के भविष्य के बारे में कभी चिंतित नहीं हो सकते।
2027 में फिर बीजेपी सरकार का आह्वान
अपने संबोधन के दौरान भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है। पिछली सरकारों में माफिया का प्रभाव था, जबकि मौजूदा सरकार में अपराधियों को संरक्षण नहीं मिलता।उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव में मजबूत बहुमत के साथ बीजेपी की सरकार बनाने के लिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की अपील की। साथ ही उन्होंने कांवड़ यात्रा और रामनवमी जैसे आयोजनों को रोकने के कथित प्रयासों का भी जिक्र किया।
