Mumbai BMW Accident: मुंबई के कोस्टल रोड पर हुए भीषण BMW हादसे के मामले में ताड़देव पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह दुर्घटना 20 सितंबर की सुबह करीब 5 बजे से 5:20 बजे के बीच हुई थी। हादसा लोटस जेट्टी के पास उस समय हुआ, जब मरीन ड्राइव से हाजी अली की तरफ जा रही एक काली BMW कार तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित हो गई।
कौन है कार का मालिक?
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, कार मालिक का नाम फाल्गुन गुज्जर बताया गया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, तेज गति से चल रही BMW पहले सड़क किनारे लगे बैरियर से टकराई और इसके बाद फ्लाईओवर से नीचे निर्माणाधीन हिस्से में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
कार में चार युवक थे सवार
कार में चार युवक सवार थे। इनमें 21 वर्षीय शनय गुज्जर, 17 वर्षीय धैर्य दर्शन शेठ, करीब 18-19 वर्षीय आदित्य जकासनिया और 20 वर्षीय आदित्य कल्पेश्वर ओसवाल शामिल थे। FIR के मुताबिक, शनय गुज्जर ड्राइविंग सीट पर मिला था। पुलिस ने आरोप लगाया है कि वाहन तेज और लापरवाही से चलाया जा रहा था, जिसके चलते यह गंभीर दुर्घटना हुई।
तीन लोगों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल
हादसे में शनय गुज्जर, धैर्य दर्शन शेठ और आदित्य जकासनिया की मौत हो गई। वहीं आदित्य कल्पेश्वर ओसवाल गंभीर रूप से घायल हुए। उसे इलाज के लिए नायर अस्पताल ले जाया गया। हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल से चार मोबाइल फोन बरामद किए, जिनमें तीन iPhone और एक OnePlus फोन शामिल हैं। इसके अलावा एक कोच न्यूयॉर्क वॉलेट भी मिला, जिसमें 100 रुपये का नोट और आदित्य जकासनिया का आधार कार्ड था। पुलिस ने मामले में मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 और संबंधित BNS धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों और घटनाक्रम की विस्तृत जांच जारी है।
