क्राइम

कौन है नूंह हिंसा मामले में गिरफ्तार बिट्टू बजरंगी, कैसे पड़ा उसका ये नाम?

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Aug 16, 2023, 12:19 PM IST

31 जुलाई को मुस्लिम बहुल नूंह जिले में विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) की धार्मिक यात्रा के दौरान बजरंगी और उसके साथियों ने अवैध तरीके से हथियार लहराए थे।

Image

Bittu Bajrangi

Bittu Bajrangi: हरियाणा के नूंह जिले में 31 जुलाई को हुई सांप्रदायिक हिंसा के मामले में मंगलवार को गोरक्षक बिट्टू बजरंगी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) उषा कुंडू की शिकायत के आधार पर नूंह के सदर थाने में दर्ज की गई एक नयी प्राथमिकी के संबंध में बजरंगी उर्फ राजकुमार से पूछताछ की गई। पुलिस ने बताया कि तावडू की अपराध जांच शाखा की टीम ने शुरू में गोरक्ष बजरंग फोर्स नामक संगठन के अध्यक्ष बजरंगी को फरीदाबाद से हिरासत में लिया था और फिर पूछताछ के लिए ले गए। आइए जानते हैं कि कौन है बिट्टू बजरंगी।

कौन है बिट्टू बजरंगी

बिट्टू बजरंगी का घर हरियाणा के फरीदाबाद में है और बिट्टू उसका घर का नाम है। बिट्टू बजरंगी का असली नाम राजकुमार है। हनुमान भक्त होने की वजह से सभी बिट्टू को बजरंगी कहने लगे और बाद में वह इसी नाम से पहचाने जाने लगा। बिट्टू बजरंगी खुद को गोरक्षक बताता है। बिट्टू बजरंगी गोरक्षा बजरंग फोर्स संगठन का अध्यक्ष है। आरोप है कि इस संगठन ने ब्रज मंडल यात्रा में आने की अपील वाले पोस्टर बांटे थे। नूंह पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि बिट्टू बजरंगी को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे बुधवार को शहर की अदालत में पेश किया जाएगा।

बिट्टू पर लगे ये आरोप

पुलिस ने बताया कि बजरंगी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 148 (दंगा), 149 (गैरकानूनी सभा), 323 (चोट पहुंचाना), 353, 186 (लोक सेवक को कर्तव्य निर्वहन से रोकना), 395, 397 (सशस्त्र डकैती), 506 (आपराधिक धमकी) और शस्त्र अधिनियम के प्रावधान के तहत मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने कहा कि अन्य लोगों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं और सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है। भड़काऊ भाषण देने या भ्रामक खबरें फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बिट्टू पर हथियार लहराने का आरोप

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि 31 जुलाई को मुस्लिम बहुल नूंह जिले में विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) की धार्मिक यात्रा के दौरान बजरंगी और उसके साथियों ने अवैध तरीके से हथियार लहराए थे। अधिकारी ने बताया कि हिंसा के दौरान बजरंगी और उसके सहयोगी हथियारों को हवा में लहरा रहे थे। एएसपी कुंडू ने हथियारों को जब्त कर लिया था, लेकिन उन्होंने पुलिस वाहन से हथियार छीन लिए और कथित तौर पर पुलिस को धमकी भी दी। इससे पहले बजरंगी पर सोशल मीडिया पर भड़काऊ भाषण पोस्ट करने का आरोप लगा था। नूंह में पिछले दिनों विश्व हिंदू परिषद की धार्मिक यात्रा को रोकने की कोशिश के दौरान झड़प हो गई थी। गुरुग्राम में झड़प की घटनाएं सामने आईं। इस दौरान दो होम गार्ड और एक मौलवी सहित छह लोगों की मौत हो गई थी।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article