यूपी (Uttar Pradesh) की एक मासूम के साथ बिहार (Bihar) में चार महीने तक बलात्कार होता रहा और पुलिस को इसकी भनक भी नहीं लगी। अब चार महीने बाद मासूम को नर्क की जिंदगी से आजादी मिली है। लड़की यूपी के बलिया की रहने वाली है।
भागलपुर में बंधक बनी थी लड़की
मिली जानकारी के अनुसार जुलाई में बलिया से एक लड़के ने मासूम को उठा लिया था। यहां से अपहरण करके उसे भागलपुर ले गया, जहां उसे बंधक बनाकर उसके साथ रोज बलात्कार करने लगा। यह सिलसिला एक दो दिन नहीं बल्कि चार महीने तक चलते रहा। इसके बाद किसी तरह से पुलिस को इस मामले की जानकारी हुई और लड़की को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया गया।
पुलिस ने क्या कहा
पुलिस ने कहा कि मजिस्ट्रेट के सामने अपना बयान दर्ज कराने के बाद लड़की को उसके परिवार को सौंप दिया गया है। पीटीआई की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि आरोपी की पहचान 19 वर्षीय अमित राय के रूप में हुई है। अतिरिक्त एसपी दुर्गा प्रसाद तिवारी ने कहा- "अमित नाम के आरोपी ने 13 वर्षीय लड़की का अपहरण कर लिया था। पुलिस ने 28 जुलाई को मामले में प्राथमिकी दर्ज की थी। हमने लड़की को भागलपुर से छुड़ाया है। लड़की ने पुलिस को बताया कि अमित ने उसका अपहरण किया था, जिसने उसे अवैध रूप से बंधक बनाया और उसका यौन उत्पीड़न किया।"
आरोपी गिरफ्तार
बाद में पुलिस ने लड़की को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया और मजिस्ट्रेट के सामने उसका बयान दर्ज किया। एएसपी ने कहा कि लड़की को परिवार को सौंप दिया गया है और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
