क्राइम

इकलौते बेटे की हत्या के लिए माता-पिता ने दी 8 लाख रु. की सुपारी, तंग आ चुके थे उसकी करतूत से

  • Agency by: Agency
  • Updated Nov 2, 2022, 02:06 PM IST

Telangana News : राम सिंह मरीपेडा बांग्ला गांव में एक सरकारी स्कूल के प्राधानाचार्य हैं। इनकी बेटी अमेरिका में रहती है। पुलिस का कहना है कि शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर साई राम अपने माता-पिता से गाली-गलौज करता था और उन्हें बेरहमी से पीटता था।

Image

तेलंगाना में माता-पिता ने अपने बेटे की हत्या कराई।

Photo : PTI
KEY HIGHLIGHTS
  • पुलिस का कहना है कि शराब के लिए पैसे नहीं देने पर अपने माता-पिता को पीटता था साई राम
  • अपने बेटे की इस प्रताड़ना से तंग आ चुके थे उसके पिता क्षत्रिय राम सिंह और मां रानी बाई
  • साई राम की हत्या के लिए उन्होंने आठ लाख रुपए की सुपारी दी, सीसीटीवी फुटेज से पकड़ में आए

Telangana News : तेलंगाना में झकझोर देने वाली घटना हुई है। यहां के खम्माम जिले में एक माता-पिता ने अपने इकलौटे बेटे की हत्या के लिए कथित रूप से आठ लाख रुपए की सुपारी दी। मृत युवक के पिता सरकारी स्कूल में प्रधानाध्यापक हैं। पुलिस का कहना है कि अपने शराबी बेटे एवं उसकी प्रताड़ना से छुटकारा पाने के लिए माता-पिता ने यह कदम उठाया। इस हत्याकांड में पुलिस ने युवक के पिता क्षत्रिय राम सिंह, मां रानी बाई सहित पांच आरोपियों में से चार को गिरफ्तार किया है।

कॉलेज ड्रापआउट था साई राम

पुलिस के अनुसार 26 वर्षीय साई राम कॉलेज ड्रापआउट था जिसकी गला घोंटकर हत्या कर दी गई। उसका शव गत 18 अक्टूबर को सूर्यापेट के मूसी में फेंक दिया गया। साई राम की हत्या के लिए आरोपियों ने बेहद साफगोई से काम किया था लेकिन वे अपनी एक गलती की वजह से पकड़े गए। दरअसल, आरोपियों ने साई राम की हत्या के लिए जिस कार का इस्तेमाल किया था। वह कार उसके पिता की थी। यह कार सीसीटीवी में नजर आई जिसके बाद पुलिस ने अपनी जांच आगे बढ़ाने शुरू की। पुलिस को इस हत्याकांड का तार साई राम के माता-पता से जुड़ा। माता-पिता ने साई राम की गुमशुदगी की शिकायत पुलिस में दर्ज नहीं कराई थी, यह बात पुलिस को हैरान करने वाली लगी। राम सिंह एवं रानी बाई बीते 25 अक्टूबर को इसी कार से अपने बेटे के शव की पहचान करने मुर्दाघर भी गए थे।

पिता सरकारी स्कूल में प्रिंसिपल हैं

राम सिंह मरीपेडा बांग्ला गांव में एक सरकारी स्कूल के प्राधानाचार्य हैं। इनकी बेटी अमेरिका में रहती है। पुलिस का कहना है कि शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर साई राम अपने माता-पिता से गाली-गलौज करता था और उन्हें बेरहमी से पीटता था। इससे उसके माता-पिता तंग आ चुके थे। परिवार के लोगों का कहना है कि साई राम की यह लत छुड़ाने के लिए उसे रीहैबलिटेशन सेंटर भेजा गया था लेकिन वहां से लौटने पर भी उसके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं हुआ।

हत्या के लिए 1.5 लाख रुपए एडवांस दिया

हुजूराबाद सर्किल के इंस्पेक्टर रामा लिंगा रेड्डी ने बताया कि अपने बेटे से छुटकारा पाने के लिए राम सिंह ने रानी बाई के भाई सत्यनारायण से मदद मांगी। इसके बाद सत्यनारायण ने साई राम की हत्या के लिए आर रवि, डी धर्मा, पी नागराजू, डी साई एवं बी रामबाबू को तैयार किया। साई राम के माता-पिता ने अपने बेटे की हत्या के लिए 1.5 लाख रुपए एडवांस दिया। बाकी 6.5 लाख रुपए की रकम उन्होंने हत्या के बाद देने की बात कही। गत 18 अक्टूबर को सत्यनारायण एवं रवि परिवार की कार से साई राम को लेकर कल्लेपल्ली के मंदिर गए। यहां पर उनकी मुलाकात अन्य आरोपियों से हुई।

हत्या करने से पहले शराब पिलाया

पुलिस अधिकारी ने बताया, 'यहां सभी ने मिलकर शराब पी। साई राम जब पूरी तरह से शराब के नशे में आ गया तो आरोपियों ने रस्सी से उसका गला घोंट दिया। इसके बाद हत्यारों ने उसका शव मूसी में फेंक दिया।'

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article