Mumbai News: महाराष्ट्र के औरंगाबाद में पति-पत्नी के रिश्ते को ताड़-ताड़ कर देने वाली घटना सामने आई है। औरंगाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच ने सोमवार को 32 वर्षीय महिला को अपने पति की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया। उसने अपने 25 साल के प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतार दिया है। शातिर महिला ने पति की हत्या करने के बाद उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश भी की।
आरोपी महिला की पहचान सारिका के रूप में हुई है, जबकि उसके प्रेमी का नाम सागर है। सारिका ने सागर के साथ मिलकर अपने 45 साल के पति विजय की हत्या की है। मामले पर पुलिस ने जानकारी देते हुए कहा है कि, सागर ने विजय के शव को फेंकने और सबूत नष्ट करने में अहम भूमिका निभाई है।
आरोपी महिला के पति के साथ थे मतभेद
क्राइम ब्रांच के निरीक्षक अविनाश अघव ने कहा है कि, प्रारंभिक जांच से पता चला है कि महिला और उसका पति पिछले चार महीनों से अलग-अलग रह रहे थे। सारिका ने 17 अक्टूबर को विजय को अपने मतभेदों को सुलझाने और मिलने के लिए कहा था। दंपत्ति ने उस्मानपुरा थाने की सीमा के भीतर आने वाली जगह पर मिलने का फैसला किया। 27 अक्टूबर को सतारा थाना क्षेत्र की सीमा से गुजरने वाले धुले-सोलापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कंचनवाड़ी में झाड़ियों में एक अज्ञात और क्षत-विक्षत शव मिला था। महिला ने पुलिस के सामने अपने कबूलनामे में कहा है कि, उसका पति उसे लगातार परेशान कर रहा था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला ने कहा है कि, वह सभी तरह के उत्पीड़न से थक चुकी थी, जिसके चलते उसने विजय को मारने का फैसला किया।
इस तरह दिया घटना को अंजाम
हत्या 17 अक्टूबर को की गई थी और अगले दिन गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। पति के नशे में होने के बाद, उसने एक धारदार हथियार निकाला और उसे कई बार घोंपा। बाद में सारिका ने सागर की मदद से शव को झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस अधिकारी ने कहा है कि, अपराध को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने धारदार हथियार को एक जलाशय में फेंक दिया था। फिर वे शहर के बाहरी इलाके में एक गांव में गए और अपने लिए नए कपड़े लाए। इसके बाद आरोपियों ने खून के धब्बे वाले कपड़ों को नष्ट कर दिया। पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
