मुंबई

महाराष्ट्रः पवार को मना रहे 'शुभचिंतक'- कर लें BJP से गठजोड़, कहा- जुड़ाव NCP की नीति में अनफिट

  • Compiled by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Aug 13, 2023, 08:49 PM IST

Maharashtra Politics: डिप्टी सीएम भतीजे अजित (महाराष्ट्र में शिवसेना-भाजपा सरकार में) के साथ शनिवार को अपनी ‘सीक्रेट’ मीटिंग के सवाल पर पवार का जवाब था, "मैं आपसे कहना चाहता हूं कि वह मेरे भतीजे हैं। भतीजे से मिलने में क्या बुराई है?"

Image

एनसीपी के चीफ शरद पवार। (फाइल फोटो)

Photo : टाइम्स नाउ ब्यूरो

Maharashtra Politics: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के चीफ शरद पवार ने खुलासा किया है कि कुछ ‘‘शुभचिंतकों’’ ने उन्हें सुझाव दिया कि वह अपने सियासी दल का गठजोड़ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के साथ कर लें। ऐसे लोगों ने पवार को मनाने के प्रयास भी किए। हालांकि, उन्होंने साफ कर दिया कि उनकी पार्टी भाजपा के साथ किसी भी सूरत में नहीं जाएगी। ऐसा इसलिए क्योंकि बीजेपी के साथ कोई भी जुड़ाव एनसीपी की सियासी नीति में फिट नहीं बैठता है।

कभी न जाएंगे BJP के साथ- पवार

ये बातें रविवार (13 अगस्त, 2023) को महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के सांगोला में उन्होंने मीडिया से कहीं। वह बोले, “एनसीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में मैं यह स्पष्ट कर रहा हूं कि मेरी पार्टी भाजपा के साथ नहीं जाएगी।’’ बिना नाम लिए उन्होंने आगे बताया, ‘‘हममें से कुछ (अजित पवार के नेतृत्व वाला राकांपा गुट) ने अलग रुख अपनाया है। हमारे कुछ शुभचिंतक यह देखने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या हमारे रुख में कोई बदलाव हो सकता है। यही कारण है कि वे हमसे सौहार्दपूर्ण चर्चा करने की कोशिश कर रहे हैं।’’

अजित के साथ "सीक्रेट मीट" पर आया यह जवाबडिप्टी सीएम भतीजे अजित (महाराष्ट्र में शिवसेना-भाजपा सरकार में) के साथ शनिवार को अपनी ‘सीक्रेट’ मीटिंग के सवाल पर पवार का जवाब था, ‘‘मैं आपसे कहना चाहता हूं कि वह मेरे भतीजे हैं। भतीजे से मिलने में क्या बुराई है? अगर परिवार का कोई बड़ा व्यक्ति फैमिली के किसी और सदस्य से मिलना चाहता है, तो इसमें कोई समस्या नहीं होनी चाहिए।’’

"MVA को सूबा सौंपेगा सत्ता की कमान"

एनसीपी के मुखिया ने आगे यह भी दावा किया कि जनता राज्य की बागडोर महा-विकास आघाड़ी को सौंपेगी, जिसमें शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे), एनसीपी (शरद पवार समूह) और कांग्रेस हैं। दरअसल, अजित ने बीते महीने शिवसेना-भाजपा सरकार में उप-मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, जबकि उनके गुट के आठ अन्य एनसीपी विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली थी।

चाचा-भतीजे की 'गुप्त' भेंट पर क्या बोले राउत?

उधर, शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने चाचा शरद और भतीजे अजित के बीच एक रोज पहले महाराष्ट्र के पुणे में हुई ‘गुप्त’ बैठक को अधिक तवज्जो नहीं दी। उन्होंने कहा कि एनसीपी प्रमुख ने भतीजे को 31 अगस्त और एक सितंबर को विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की बैठक में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया होगा।
अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article