जयपुर

Jaipur Crime: लाखों की डकैती करने वाले 5 बदमाशों को पुलिस ने दबोचा, कैश हथियार बरामद

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 5, 2022, 01:07 PM IST

Jaipur Crime: जयपुर में एक लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने डकैती करने वाले सात बदमाशों में से पांच को गिरफ्तार कर लिया है। बीते दिनों एक फैक्ट्री के अकाउंटेंट से सात लाख की लूट हुई थी। आरोपियों ने पूरी प्लानिंग से शख्स के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पकड़े गए आरोपियों के पास से लूट के 2 लाख रुपए भी बरामद कर लिए गए हैं।

Image

डकैती की वारदात को अंजाम देने वाले पांच बदमाश चढ़े पुलिस के हत्थे

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • डकैती में शामिल दो बदमाशों की अब भी पुलिस तो तलाश
  • आरोपियों के पास से लूट के दो लाख रुपए भी बरामद
  • सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पुलिस को मिली सफलता


Jaipur News: राजधानी जयपुर में 7 लाख की डकैती करने के मामले में विश्वकर्मा थाना पुलिस ने पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने रिमांड पर लेने के बाद आरोपियों से लूटे गए 2 लाख रुपए, खरीदे मोबाइल व जिम प्रोटीन और वारदात में प्रयुक्त हथियार को बरामद कर लिया है। डकैती में शामिल फरार दो बदमाशों की तलाश में पुलिस टीम जगह-जगह दबिश दे रही है। बदमाशों ने प्लानिंग के तहत रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया था।

बता दें कि, डीसीपी (वेस्ट) वंदिता राणा ने बताया है कि, डकैती करने के मामले में आरोपी राजपाल सिंह निवासी मण्डेला झुंझुनूं हाल पिथमपुर धार एमपी, बनवारी बांगडी निवासी सदर बूंद हाल भोपजी की ढाणी हरमाड़ा, राजेश निवासी जयराम नगर हरमाड़ा, भवानी सिंह निवासी गौतम नगर बेनाड रोड हरमाड़ा और शुभम निवासी खण्डेला सीकर हाल तिरुपति विहार लोहामंडी रोड हरमाड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पांचों बदमाशों को चिह्नित कर लिया गया था।

मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई

एसएचओ रमेश सैनी ने आरोपियों से पूछताछ कर उनके रुम से लूट के 2 लाख रुपए, खरीदे गए 90 हजार के दो मोबाइल फोन और जिम प्रोटीन पाउडर बरामद कर लिया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से पिस्टल-कारतूस भी बरामद कर लिए हैं। डकैती के मामले में दो बदमाश अभी भी फरार चल रहे है। जिनकी तलाश में पुलिस टीमें उनके छिपने के संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है। डकैती डालकर भागे बदमाशों ने पुलिस को बहकाने के लिए 650 किलोमीटर दूर जाकर मोबाइल बदल लिया था। पीछा करते हुए पुलिस की टीम वहां भी जा पहुंची थी। जिसकी भनक लगने पर बदमाशों ने वापस जयपुर की ओर रुख कर लिया था। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के बाद पुलिस ने कार्रवाई की थी।

ये था पूरा मामला

मिली जानकारी के अनुसार, एसएचओ रमेश सैनी ने बताया है कि, मुकुन्दरा कालाडेरा निवासी विकास के साथ लूट की वारदात हुई थी। वह रोड नंबर-5 मुरलीपुरा स्थित एक फैक्ट्री में अकाउंटेंट का काम करता है। विकास के आने-जाने का टाइम बदलने के कारण दो बार पहले लूट के लिए बनाई गई प्लानिंग फेल हो गई थी। 21 अक्टूबर को लूट का टाइम सटीक बैठने के बाद वारदात हुई। विकास रोड नंबर-13 विश्वकर्मा स्थित गैस गोदाम से रुपए लेने के लिए गया था। दोपहर करीब 1 बजे फैक्ट्री मालिक विमलेश के 7 लाख रुपए लेकर विकास वापस लौट रहा था। इसी दौरान बिजली ग्रेड के पास तीन लड़के और बाइक पर दो लड़कों ने उन्हें रोक लिया था। डंडे से उसके साथ जमकर मारपीट की। सिर और पीठ पर ताबड़तोड़ वार कर घायल कर दिया और 7 लाख रुपए कैश से भरा बैग छीनकर फरार हो गए थे।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article