पटना

बिहार में अपराधियों की आएगी शामत, संपत्ति जब्त करने के लिए बन रही लिस्ट

बिहार में अपराधियों की शामत आने वाली है। मोतिहारी पुलिस जिले के 100 अपराधियों की लिस्ट तैयार कर रही है, जिनकी संपत्ति जब्त की जाएगी। इस संबंध में बिहार के नए डीजीपी ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं।

Image

फाइल फोटो।

Photo : iStock

बिहार में नए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार के पदभार संभालते ही बिहार पुलिस एक्शन में आ गई है। डीजीपी द्वारा अपराधियों के खिलाफ तैयार रोडमैप की शुरुआत पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने कर दी है। यहां अपराध से अर्जित की गयी संपत्ति को जब्त करने के लिए पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। नए आपराधिक कानून के तहत जिलेभर के इनामी अपराधी, शराब माफिया, ड्रग्स तस्कर, भू-माफिया समेत जघन्य अपराध में शामिल अपराधियों को चिन्हित किया जा रहा है।

अपराधियों की लिस्ट बनाने का निर्देश

एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया, "सभी थाना को वैसे अपराधियों की सूची बनाने का निर्देश दिया गया है, जिन्होंने अपराध से अकूत सम्पत्ति अर्जित की है। ऐसे अपराधियों की संपति पुलिस के द्वारा जब्त की जाएगी। नए आपराधिक कानून में पुलिस को अपराधियों की संपत्ति जब्त करने की शक्ति दी गई है।"

अपराधियों की संपत्ति होगी जब्त

मोतिहारी एसपी ने सभी थानों को दो-दो टॉप अपराधियों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया है। एसपी का कहना है कि पहले राउंड में जिलेभर के टॉप-100 अपराधियों की संपत्ति को जब्त करने की कार्रवाई की जायेगी। पुलिस के इस एक्शन से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।

नए कानून में पुलिस को मिली है शक्ति

बता दें कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 107, जो "अपराध में प्रयुक्त संपत्ति" से संबंधित है। यह नवीन विधि न्यायालयों को आपराधिक गतिविधियों से प्राप्त मानी जाने वाली संपत्ति को कुर्क करने और जब्त करने के व्यापक अधिकार देती है।

उल्लेखनीय है कि पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने पदभार संभालते ही शनिवार को कानून व्यवस्था को पूरी सख्ती से पालन करने का वादा किया। उन्होंने कहा कि अपराधियों की संपत्ति जब्त करेंगे। इसके लिए हर थाने को विशेष कार्य सौंपे जाएंगे। हम खासकर अपराधी गैंग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे। हर हाल में कानून का राज स्थापित किया जाएगा।

इनपुटः आईएएनएस

Maahi Yashodhar
Maahi Yashodharauthor

माही यशोधर Timesnowhindi.com में न्यूज डेस्क पर काम करती हैं। यहां वह फीचर, इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स न्यूज कवर करती हैं। इसके अलावा वह डेवलपमेंट की खबरों पर भी नजर रखती हैं। वह सड़क, रेल और इंफ्रास्ट्रक्चर के अलावा क्राइम और पर्यावरण से जुड़ी खबरें भी लिखती हैं। राजनीति में खास रुचि होने के कारण वह राजनेताओं और राजनीति से जुड़ी खबरें ब्रेक करते हैं। इससे पहले माही ने देश के नामी मीडिया संस्थानों एनडी टीवी और न्यूज18 में काम किया है। माही यशोधर ने पत्रकारिता में डिग्री ली है। उन्होंने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत देश के नामी संस्थान टाइम्स से की थी, जहां उन्होंने एंटरटेनमेंट डेस्क पर रहते हुए खबरों को धार दी। इसके बाद वह डिजिटल पत्रकारिता में आगे बढ़ती रहीं। पूर्व में माही यशोधर ने एंटरटेनमेंट, हेल्थ, एजुकेशन, एस्ट्रो, वायरल और लाइफस्टाइल की खबरों पर काम किया है। माही हर छोटी-बड़ी खबर को जल्द से जल्द अपने पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। माही अपने पाठकों की नब्ज अच्छे से समझती हैं। उन्हें खबरों की अच्छी समझ है और उनकी भाषा ऐसी है कि कम शब्दों में भी पाठक को पूरी खबर समझा देती हैं।

और पढ़ें
End of Article