Gurugram:मिलेनियम सिटी गुरुग्राम को देश के सबसे सुरक्षित शहरों में शामिल करने का प्रयास शुरू कर दिया गया है। इस शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) अब यहां 2700 हाईटेक सीसीटीवी कैमरे लगाने जा रहा है। इस शहर में 1200 सीसीटीवी कैमरे पहले ही लगे हुए हैं, अब ये 2700 सीसीटीवी कैमरे शहर की निगरानी करने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में मदद करेंगे। इन सभी कैमरों को शहर के 250 स्थानों पर लगाया जाएगा। जीएमडीए इन कैमरों को लगाने को लेकर पुलिस विभाग के साथ बैठक भी कर चुका है। जिसमें पुलिस को इन कैमरों को लगाने के लिए जगह का चुनाव करने को कहा गया है। पुलिस द्वारा चिह्नित जगहों पर जीएमडीए उन सीसीटीवी कैमरों को स्थापित करेगा।
जीडीएमए प्रवक्ता ने बताया कि, जीडीएमए के भौगोलिक क्षेत्र में आने वाले सभी क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में लाने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही 2700 हाईटेक कैमरे लगाए जाएंगे। इन सभी कैमरों को जीएमडीए के कैप्टिव ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क के माध्यम से जोड़ा जाएगा। इन अत्याधुनिक कैमरों से शहर में आपराधिक गतिविधियों को रोकने और अपराधियों को पकड़ने में मदद मिलेगी। इसके अलावा इन कैमरों से ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों पर कार्रवाई करने में भी मदद मिलेगी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शहर के अंदर पहले से लगे सीसीटीवी कैमरे अपराधियों को पकड़ने में काफी मदद कर रहे हैं। इन अतिरिक्त कैमरों के लग जाने से शहर की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।
