Delhi Meerut Expressway: दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे पर रविवार को एक के बाद एक 30 गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इस दुर्घटना में कई गाड़ियों चकनाचूर हो गईं हैं। साथ ही कुछ लोगों के घायल होने की भी खबर है।
कब की है घटनाा
पुलिस के मुताबिक घटना सुबह करीब आठ बजे की है। गाजियाबाद के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात) रामानंद कुशवाहा ने कहा- "सुबह घना कोहरा था और इस वजह से वाहन धीरे-धीरे चल रहे थे। ऐसे में कोहरे के कारण अचानक एक कार हाईवे पर रुक गई। एक वाहन कार के ठीक पीछे था और उसे भी अचानक से ब्रेक मारना पड़ गया। जिसके बाद एक के बाद एक गाड़ियां आपस में टकराती रहीं।"
यातायात सामान्य
आगे कुशवाहा ने कहा कि यातायात पुलिस ने तुरंत राजमार्ग को खाली करवा दिया। अधिक क्षतिग्रस्त वाहनों में से कुछ को क्रेन द्वारा उठाया गया और अन्य को उनके चालकों द्वारा हटवाया गया। अब, यातायात सामान्य है।
5 घायल
मिली जानकारी के अनुसार घटना के तुरंत बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंच गई थी। वो सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल ले गई, जहां कुछ लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। मामले में पुलिस को न तो कोई शिकायत मिली है और न ही किसी के हताहत होने की सूचना है। करीब 5 लोगों को मामूली चोटें आईं लेकिन एक ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है।
