Gold and Silver Rate Today, 01 November 2022: मंगलवार को सोने की कीमत में सपाट स्तर पर कारोबार हो रहा था। अमेरिकी फेडरल रिजर्व की नीति बैठक में एक और दर वृद्धि की उम्मीद है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना वायदा 0.01 फीसदी या 4 रुपये बढ़कर 50,325 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। इसी तरह, चांदी वायदा 0.75 फीसदी या 432 रुपये की तेजी के साथ 58,110 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी। विश्लेषकों को अमेरिकी केंद्रीय बैंकरों की ओर से मुद्रास्फीति की लड़ाई जारी रहने की उम्मीद है।
आज अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया 82.74 के स्तर पर खुला और फिर बढ़कर 82.73 पर पहुंच गया। यह पिछले बंद भाव के मुकाबले सात पैसे की वृद्धि दर्शाता है। सोमवार को अमेरिकी डॉलर की तुलना में रुपया 34 पैसे गिरकर 82.81 पर बंद हुआ था।
इधर जानिए कमोडिटी मार्केट की हर बड़ी खबर -
सोमवार को 50,480 रुपये था सबसे ज्यादा शुद्ध सोने का दाम
सोने को मुद्रास्फीति के खिलाफ बचाव के रूप में देखा जाता है। इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के मुताबिक, हाजिर बाजार में सोमवार को सबसे ज्यादा शुद्धता वाला सोना 50,480 रुपये प्रति 10 ग्राम जबकि चांदी की कीमत 57,350 रुपये प्रति किलोग्राम थी। समीक्षाधीन अवधि के दौरान सोने की हाजिर कीमत 51,000 रुपये से नीचे बनी हुई है, जबकि हाजिर बाजार में चांदी लगभग 5,500 रुपये प्रति किलोग्राम कम हुई है।
ग्लोबल मार्केट में इतनी है कीमत
अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 1,633.69 डॉलर प्रति औंस पर था। अमेरिकी सोना वायदा 0.3 फीसदी गिरकर 1,636.30 डॉलर पर आ गया। हाजिर चांदी 0.2 फीसदी बढ़कर 19.18 डॉलर प्रति औंस हो गई, प्लैटिनम 0.1 फीसदी गिरकर 924.51 डॉलर और पैलेडियम 0.9 फीसदी बढ़कर 1,856.91 डॉलर हो गया।
