Petrol-Diesel Rate Today, 01 November 2022: अगर आप भी इस बात से खुश हो गए थे कि 1 नवंबर 2022 से देश में पेट्रोल की कीमत कम हो गई है, तो ये खबर जरूर पढ़ लें क्योंकि भारतीय तेल कंपनियों ने भी पेट्रोल की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया है। जबकि पहले उम्मीद जताई जा रही थी देश भर में 1 नवंबर से पेट्रोल की कीमत में 40 पैसे प्रति लीटर की कटौती होगी। जी हां, सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने डीलरों को सूचित करने के बाद मंगलवार को पेट्रोल और डीजल की कीमत में कमी के फैसले को पलट दिया है।
सोमवार को मिली थी राहत!
कल रात कहा गया था कि भारत के टॉप ईंधन रिटेलर इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन मंगलवार से पेट्रोल और डीजल की कीमत में मामूली कटौती करेगा, जो वैश्विक तेल कीमतों में गिरावट को दर्शाता है। ओएमसी की ओर से डीलरों को भेजी गई ईंधन कीमतों में कटौती की नोटिफिकेशन वापस ले ली गई है। इसलिए अब पेट्रोल और डीजल की कीमत वैसी ही बनी रहेगी, जैसी पिछले पांच महीनों से है।
उल्लेखनीय है कि इस साल मई के अंत से ईंधन की कीमत अपरिवर्तित बनी हुई है। मई में ही वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) ने पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में क्रमशः 8 रुपये प्रति लीटर और 6 रुपये प्रति लीटर की कटौती की घोषणा की थी।
शीर्ष महानगरों में इतनी है कीमत (Petrol and Diesel Price Today)
राष्ट्रीय राजधानी में पेट्रोल 96.72 रुपये प्रति लीटर पर बिक रहा है जबकि डीजल 89.62 रुपये प्रति लीटर पर बिक रहा है। मुंबई में पेट्रोल की कीमत 106.31 रुपये प्रति लीटर है जबकि डीजल 94.27 रुपये प्रति लीटर है। कोलकाता में भी इसका दाम नहीं बदला है। यहां एक लीटर पेट्रोल के लिए लोगों को 106.03 रुपये और एक लीटर डीजल के लिए 92.76 रुपये का भुगतान करना पड़ रहा है। चेन्नई में पेट्रोल की कीमत 102.63 रुपये और डीजल की 94.24 रुपये प्रति लीटर है। बेंगलुरु में पेट्रोल और डीजल क्रमश: 101.94 रुपये और 87.89 रुपये है।
