TVS Raider Squad Edition: टीवीएस मोटर कंपनी ने मार्वल से प्रेरित रेडर सुपर स्क्वाड एडिशन लॉन्च कर दिया है जिसकी एक्सशोरूम कीमत 98,919 रुपये रखी है। इस स्पेशल एडिशन को आयरन मैन और ब्लैक पैंथर से प्ररित होकर तैयार किया गया है जो मार्वल कॉमिक्स के कैरेक्टर हैं। इस बाइक के बारे में बात करें तो 2021 में टीवीएस ने भारत में रेडर 125 लॉन्च की थी, इसके साथ आक्रामक लुक वाले एलईडी हेडलैंप और डीआरएल दिए गए हैं। पिछले हिस्से में भी एलईडी टेललैंप्स लगाए गए हैं। इस बाइक के साथ अब दो नए पेंट दिए गए हैं जो आयरन मैन और ब्लैक पैंथर पर आधारित हैं।
कितना दमदार है बाइक का इंजन
टीवीएस रेडर के सुपर स्क्वाड एडिशन को पहले जैसो 124.8 सीसी का सिंगल-सिलेंडर इंजन दिया गया है। इंजन एयर कूल्ड और फ्यूल इंजेक्टेड तकनीक में आता है। ये 7,500 आरपीएम पर 11.8 बीएचपी ताकत और 6,000 आरपीएम पर 11.2 एनएम पीक टॉर्क जनरेट करता है। कंपनी ने इसे 5-स्पीड गियरबॉक्स से लैस किया है। लुक और स्टाइल में नई बाइक पैसा वसूल है और दमदार इंजन के साथ रोजाना इस्तेमाल के लिए भी ये जोरदार विकल्प बनी हुई है।
किन फीचर्स से लैस है बाइक
रेडर के साथ टीवीएस ने 10 लीटर का दमदार फ्यूल टैंक लगाया है दो हिस्सों में बंटी सीट इसे और भी आकर्षक बनाती है। यहां ग्राहकों को 17-इंच के अलॉय व्हील्स मिले हैं, वहीं अगले और पिछले हिस्से में क्रमशः टेलिस्कोपिक फोर्क्स और मोनोशॉक सस्पेंशन दिए गए हैं। टीवीएस के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट अनिरुद्ध हलदर ने कहा कि मार्वल कैरेक्टर में लॉन्च स्पेशल एडिशन मार्वल के साथ हमारे सफर के एक और सफल कदम को दर्शाती है। टीवीएस रेडर को 2021 में लॉन्च के बाद से ही नई पीढ़ी के ग्राहकों का जोरदार रिस्पॉन्स देखने को मिला है।
