दुनिया

महिला के बाल काटने वाला 2 सेकेंड का क्लिप देख ईरान हुआ नाराज, विदेश मंत्री ने भारत दौरा टाला

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Feb 17, 2023, 02:22 PM IST

ईरान के विदेश मंत्री होसैन आमिर अब्दुल्लाहियान 3 और 4 मार्च को होने वाली रायसीना वार्ता के लिए भारत की यात्रा करने वाले थे। लेकिन वीडियो सामने आने के बाद दौरा टाल दिया गया है।

Image

ईरान में विरोध प्रदर्शन

Photo : ANI

एक प्रमोशनल वीडियो में ईरानी महिलाओं के बाल काटने के दो सेकेंड के वीडियो से ईरान इस कदर खफा हुआ कि अपने विदेश मंत्री का भारत दौरा टाल दिया। ईरानी राष्ट्रपति इब्राहिम रायसी की एक तस्वीर के साथ विरोध में बाल काटने वाली एक महिला के फुटेज ने तेहरान को बेहद नाराज कर दिया है। द इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक, अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए ईरान के विदेश मंत्री ने अगले महीने भारत की अपनी यात्रा रद्द कर दी है।

3 और 4 मार्च को होने वाला था विदेश मंत्री का दौरा

ईरान के विदेश मंत्री होसैन आमिर अब्दुल्लाहियान 3 और 4 मार्च को होने वाली रायसीना वार्ता के लिए भारत की यात्रा करने वाले थे। रायसीना संवाद विदेश मंत्रालय के साथ साझेदारी में ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन (ओआरएफ) द्वारा आयोजित प्रमुख थिंक-टैंक कार्यक्रम है।

रायसीना डायलॉग का प्रमोशनल वीडियो हुआ था जारी

रायसीना डायलॉग का एक प्रमोशनल वीडियो करीब एक महीने पहले जारी किया गया था, जिसमें इवेंट के 2023 संस्करण की घोषणा की गई थी। क्लिप में केवल दो मिनट के भीतर ईरानी राष्ट्रपति की एक तस्वीर के साथ विरोध में ईरानी महिलाओं के बाल काटने का दो सेकंड का शॉट भी दिखाया गया था। इसने ईरानी दूतावास को नाराज कर दिया जो विदेश मंत्री अमीर-अब्दुल्लाहियान की भारत यात्रा की तैयारी कर रहा था। सूत्रों ने कहा कि ईरानी दूतावास ओआरएफ और विदेश मंत्रालय के पास पहुंचा, उनके राष्ट्रपति और प्रदर्शनकारियों के चित्रण पर आपत्ति जताई और उनसे इसे हटाने के लिए कहा। हालांकि, आयोजकों ने इसके लिए हामी नहीं भरी। इससे परेशान ईरानी सरकार ने आयोजकों को सूचित किया है कि विदेश मंत्री रायसीना डायलॉग के लिए यात्रा नहीं कर पाएंगे।

ईरान में महसी अमिनी की मौत का विरोध

पिछले साल सितंबर में 22 वर्षीय महसा अमिनी को ईरान की नैतिकता पुलिस ने हिरासत में लिया था जिसकी बाद में मौत हो गई थी। इसके बाद ईरान में जबरदस्त विरोध का दौर शुरू हो गया और विरोध में महिलाओं ने अपने बाल काटने शुरू कर दिए। भारत ने ईरान में लोगों द्वारा बड़े पैमाने पर विरोध शुरू होने के बाद से इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है। पिछले नवंबर में भारत ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (यूएनएचआरसी) द्वारा ईरान में राज्य के अधिकारियों द्वारा देश में प्रदर्शनकारियों पर किए गए मानवाधिकारों के उल्लंघन के लिए एक तथ्य-खोज मिशन स्थापित करने के लिए लाए गए एक प्रस्ताव से दूरी बना ली थी।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article