सोशल मीडिया पर कई बार मानवता की ऐसी झलक देखने को मिलती है जिसे देख लोगों का दिल पिघल जाता है। हाल में एक ऐसा ही वीडियो इस वक्त खूब वायरल हो रहा है जिसमें देखा जा सकता है कि एक जमी हुई झील में एक मासूम हिरण फँस गया है जिसकी जान बचाने के लिए फायरफाइटर्स ने अपनी जान जोखिम में डाल दी।
अमेरिका के वाशिंगटन की बताई जा रही यह घटना
ABC न्यूज के मुताबिक, वायरल वीडियो की यह घटना अमेरिका के वाशिंगटन राज्य की बताई जा रही है, जहां स्टीवंस काउंटी की बर्फ से जमी हुई लून झील में एक मासूम हिरण फंस गया। हिरण बर्फ पर बार-बार फिसल रहा था और उठ नहीं पा रहा था। वीडियो में हिरण के चेहरे पर डर साफतौर पर झलक रहा था। ऐसे में झील के पास रहने वाले डैनियल पोलेशुक नाम के व्यक्ति ने जब हिरण को मुश्किल में देखा तो उसने तुरंत फायर डिपार्टमेंट को फोन कर हिरण के लिए मदद मांगी, जिसके बाद सूचना मिलते ही फायर फाइटर्स की टीम मौके पर पहुंच गई।
फायरफाइटर ने दिखाई बहादुरी
इसके बाद शुरू हुआ हिरण का रेस्क्यू ऑपरेशन, जहां फायरफाइटर गैविन गैलाघर उस हिरण की जान बचाने के लिए सबसे आगे बढ़े। उन्होंने अपने साथ एक रस्सी और स्ट्रेचर ली और उस जमी हुई झील पर हिरण के पास जा पहुंचे। बर्फ पर बहुत फिसलन थी, जिससे गिरने का खतरा भी था। फायरफाइटर को अपने करीब देख हिरण डर के कारण भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन वह बर्फ पर खड़ा भी नहीं हो पा रहा था।
सफलतापूर्वक किया गया हिरण का रेस्क्यू
यह देख गैलाघर ने बड़ी सावधानी से हिरण के शरीर के चारों ओर रस्सी बांधी और फिर खुद बर्फ पर लेट गए। फिर उन्होंने हिरण को अपनी बांहों में लपेट लिया। इसके बाद बाकी टीम ने रस्सी की मदद से दोनों को धीरे-धीरे किनारे तक खींच लिया। रेस्क्यू के वक्त हिरण बहुत घबराया हुआ लग रहा था और धीमी-धीमी आवाजें कर रहा था। लेकिन जब उसे फायरफाइटर की गोद में सुरक्षा मिली, तो वह शांत हो गया।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
