देश

'यूपी में तीसरी बार सरकार बना दो, UCC लागू कर देंगे', अमित शाह का ऐलान, अंगद के पैर का जिक्र कर क्या बोले गृह मंत्री?

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने यूपी विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा दावा करते हुए कहा कि राज्य में बीजेपी लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने ऐलान किया कि सत्ता में वापसी पर UCC लागू करेंगे। शाह ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए अगले 30 साल तक बीजेपी की सरकार रहने का दावा भी किया।

Image

UP Politics: अमित शाह का दावा- यूपी में तीसरी बार बनेगी BJP सरकार, सत्ता में लौटे तो लागू करेंगे यूसीसी। PTI

Photo : PTI

UP Politics: एमएलसी चुनाव के नतीजों के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले अमित शाह ने दावा किया कि यूपी में भारतीय जनता पार्टी (BJP) लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी और सत्ता में वापसी के बाद राज्य में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की जाएगी।

अमित शाह ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उन्हें चुनाव आयोग को लेकर कोई सवाल है तो वे विधानसभा के विशेष सत्र में इस पर चर्चा कर सकते हैं।

'यूपी में तीसरी बार सरकार बना दो, UCC लागू करेंगे'

अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता एक बार फिर बीजेपी को मौका देगी। उन्होंने ऐलान किया कि अगर राज्य में तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनती है तो यहां समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी। उन्होंने कहा कि देश के कई राज्यों में बीजेपी की सरकार बन चुकी है और अब उत्तर प्रदेश में भी पार्टी की जीत की बारी है।

गृह मंत्री ने गुजरात, हरियाणा, अरुणाचल प्रदेश और असम का जिक्र करते हुए कहा कि इन राज्यों में बीजेपी कई बार सत्ता में आ चुकी है। उन्होंने कहा, "अब अखिलेश बाबू, यूपी की बारी है।"

राहुल गांधी और अखिलेश यादव को अमित शाह की चुनौती

अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष को चुनाव आयोग को लेकर कोई शिकायत या सवाल है तो वह विधानसभा के विशेष सत्र में इस पर चर्चा कर सकता है। उन्होंने कहा कि बीजेपी इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है।

अमित शाह ने विपक्ष पर चुनाव हारने के बाद चुनाव आयोग को दोष देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब विपक्ष चुनाव हारता है तो अंपायर पर सवाल उठाने लगता है।

'अभी 30 साल तक कोई और सरकार नहीं आने वाली'

गृह मंत्री ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता बीजेपी के साथ है और राज्य में लंबे समय तक पार्टी की सरकार रहेगी। उन्होंने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि अगले 30 साल तक किसी दूसरी सरकार के सत्ता में आने की संभावना नहीं है।

उन्होंने कहा कि पूरे देश में भगवा दिखाई दे रहा है। अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का जिक्र करते हुए कहा कि मोदी तीन बार प्रधानमंत्री बन चुके हैं और अगर इसी तरह काम होता रहा तो वे चौथी बार भी प्रधानमंत्री बन सकते हैं।

अमित शाह ने कहा कि यूपी में बीजेपी की सरकार अंगद का पैर है, जिसे कोई नहीं हिला सकता। पार्टी एक बार फिर राज्य में सरकार बनाने जा रही है और इसमें कोई दुविधा नहीं है। उन्होंने दावा किया कि अगले 30 साल तक उत्तर प्रदेश में बीजेपी की ही सरकार बनेगी।

'

यूपी में बीजेपी सरकार अंगद का पैर है'

अमित शाह ने बीजेपी की चुनावी संभावनाओं पर भरोसा जताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में पार्टी की सरकार को कोई नहीं हटा सकता। उन्होंने कहा, "यूपी में बीजेपी सरकार अंगद का पैर है, उसे कोई नहीं हटा सकता है। फिर से बीजेपी की सरकार बनने जा रही है, कोई दुविधा नहीं है।"

उन्होंने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर विपक्ष इसी तरह की राजनीति करता रहा तो अगले 30 साल तक उनका सत्ता में आने का नंबर नहीं आएगा। शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं और जनता के भरोसे के आधार पर वह यह दावा कर रहे हैं।

'आपने राम भक्तों पर गोलियां चलवाईं, हमने राम मंदिर बना दिया'

अमित शाह ने 30 अक्टूबर 1990 को अयोध्या में राम भक्तों पर हुई पुलिस फायरिंग का जिक्र करते हुए विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज ही के दिन राम भक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं। उन्होंने सवाल किया कि जो लोग राम भक्तों पर गोली चलवाने वाली सरकार के साथ थे, वे किस मुंह से दोबारा सरकार बनाने की बात करते हैं।

शाह ने कहा, "आपने राम भक्तों पर गोलियां चलाईं, हमने राम मंदिर बना दिया।" उन्होंने यह भी कहा कि जनता विपक्ष को कभी माफ नहीं करेगी। इस दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने सरकार की चिंता किए बिना विवादित ढांचे को ध्वस्त कराया था।

2014 और 2017 के चुनावों का किया जिक्र

गृह मंत्री ने उत्तर प्रदेश में बीजेपी के पुराने चुनावी प्रदर्शन को याद किया। उन्होंने कहा कि 2014 में पार्टी के पास केवल 44 विधायक थे और उस समय संगठन को लेकर निराशा थी। इसके बाद उन्होंने प्रदेश में संगठन को मजबूत करने के लिए काम किया।

अमित शाह के मुताबिक, 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने उत्तर प्रदेश में करीब 41 प्रतिशत वोट हासिल किए और 73 सीटें जीतीं। वहीं, 2017 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को करीब 40 प्रतिशत वोट के साथ 312 सीटों पर जीत मिली। उन्होंने नोटबंदी का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव पर तंज भी कसा और कहा कि उस फैसले के बाद उन्हें रातभर नींद नहीं आई थी।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article