MI New Captain: आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट की मानें तो अगले सीजन रोहित शर्मा का मुंबई इंडियंस का कप्तान बनना लगभग तय है। रिपोर्ट की मानें तो पिछले सीजन आईपीएल के बीच में ही टीम मैनेजमेंट हार्दिक पांड्या के साथ कंटिन्यू करने के मूड में नहीं थी। पांड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन लगातार खराब रहा है। पिछले सीजन 14 मैच में से 10 में मुंबई इंडियंस को हार का सामना करना पड़ा था।
रोहित ने दिया था तिलक का नाम
रिपोर्ट की मानें तो रोहित शर्मा ने भविष्य को देखते हुए तिलक वर्मा के नाम का सुझाव दिया था, लेकिन फ्रेंचाइजी रोहित शर्मा को यह जिम्मेदारी सौंपना चाहती थी। लेकिन तब उन्होंने हामी नहीं भरी थी। अब यह कहा जा रहा है कि रोहित शर्मा ने अपनी सहमति दे दी है। न्यूजीलैंड रवाना होने से पहले लगातार इस बारे में रोहित शर्मा से बात हुई थी। रोहित इस लीग के सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं। उनकी कप्तानी में मुंबई ने 5 बार आईपीएल की ट्रॉफी उठाई है। रोहित की कप्तानी में मुंबई ने पहली बार साल 2013 में ट्रॉफी उठाई थी। उसके बाद उसने 2015, 2017, 2019 और 2020 में ट्रॉफी उठाई थी। मुंबई इंडियंस की आखिरी ट्रॉफी रोहित की कप्तानी में ही आई थी, तब से लगातार टीम संघर्ष कर रही है।
हार्दिक पांड्या का क्या होगा?
अगर रोहित का कप्तान बनना तय है तो सबसे बड़ा सवाल है कि हार्दिक पांड्या का क्या होगा। क्या वह एक खिलाड़ी के तौर पर टीम में बने रहेंगे। रिपोर्ट की मानें तो इसकी संभावना ना के बराबर है। नवंबर के पहले हफ्ते में उनके किसी टीम से ट्रेड डील होने की संभावना है। 2024 में जब रोहित को हटाकर हार्दिक को कप्तान बनाया गया था तो उस वक्त फ्रेंचाइजी को आलोचना का सामना करना पड़ा था।
