क्रिकेट

ग्लेन फिलिप्स ने बताया टीम इंडिया के खिलाफ अपनी सफलता का आईपीएल कनेक्शन

ऑक्लैंड में खेले गए सीरीज के चौथे टी20 मुकाबले में अपनी आतिशी शतकीय पारी की बदौलत टीम इंडिया की बत्ती बुझाने के बाद ग्लेन फिलिप्स ने बताया अपनी पारी का आईपीएल कनेक्शन।

Image

ग्लेन फिलिप्स (फोटो क्रेडिट Black Caps X)

ऑकलैंड: न्यूजीलैंड के बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स ने शुक्रवार को भारत के खिलाफ चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 107 रन की पारी खेलने के बाद मौजूदा पांच मैच की सीरीज में अपने लगातार अच्छे प्रदर्शन का श्रेय आईपीएल से मिली सीख को दिया। फिलिप्स इस सीरीज में अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने चार मैच में 92 की औसत से 276 रन बनाए हैं जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं।

आईपीएल में करना पड़ता है असाधारण प्रदर्शन

उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर के तीसरे शतक की बदौलत न्यूजीलैंड ने सीरीज में लगातार तीन हार के बाद वापसी की। न्यूजीलैंड ने ऑकलैंड में खेले गए चौथे टी20 मुकाबले में भारत को 87 रन से हराया। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में फिलिप्स ने कहा,'आईपीएल अपने आप में एक अलग तरह की प्रतियोगिता है। वहां आठ विदेशी खिलाड़ियों में से केवल चार को ही अंतिम एकादश में जगह मिलती है जिससे प्रतिस्पर्धा काफी कठिन हो जाती है। अगर आप मैदान पर उतरकर असाधारण प्रदर्शन नहीं करते हैं तो आपकी जगह लेने के लिए हमेशा कोई दूसरा खिलाड़ी तैयार रहता है।'

गुजरात के लिए अच्छा नहीं रहा था फिलिप्स का प्रदर्शन

फिलिप्स का आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस के लिए प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। उन्हें केवल छह मैच खेलने का मौका मिला जिसमें वह 67 रन ही बना सके। उनका सर्वोच्च स्कोर 25 रन था। हालांकि फिलिप्स का मानना है कि आईपीएल में बिताए गए समय से उन्हें आंकड़ों से कहीं ज्यादा सीखने को मिली। उन्होंने कहा,'गुजरात टाइटंस में मुझे शानदार सुविधाएं, बेहतरीन कोच और अपनी बल्लेबाजी पर काम करने के लिए काफी समय मिला। इंग्लैंड में भी मैंने यह दिखाया कि चाहे लाल गेंद का क्रिकेट हो या सफेद गेंद का, मैं लगातार रन बनाने में सक्षम हूं।'

आईपीएल में मिलता है बहुत कुछ सीखने को

उन्होंने कहा,'बेशक, आप आईपीएल में रन बनाना चाहते हैं, खूब पैसा कमाना चाहते हैं और ऐसा होना शानदार होगा। लेकिन आईपीएल से आपको कई ऐसी चीजें सीखने को भी मिलती हैं, भले ही आपको खेलने का मौका मिले या नहीं। मेरा मानना है कि आईपीएल या किसी अन्य टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाले हर खिलाड़ी की जिम्मेदारी है कि वह वहां मिलने वाले अनुभव और मौकों का अधिकतम लाभ उठाए।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article