Viral CCTV Video: कई बार छोटी-छोटी बातों को लेकर पड़ोसियों के बीच विवाद इतना बढ़ जाता है कि मामला पुलिस तक पहुंच जाता है लेकिन गुजरात के मोरबी से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगे। यहां एक दर्जी को महिला वकील की कार में लगे सेंसर अलार्म से इतनी परेशानी हुई कि उसने महिला की कार में ही आग लगा दी। बताया जा रहा है कि कार के पास से कोई व्यक्ति गुजरता था, यहां तक कि कुत्ता निकलने पर भी उसका अलार्म बजने लगता था। इस घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। जिसमें कार को जलते हुए देखा जा सकता है।
कहां का है यह मामला?
यह मामला मोरबी के वाघपरा इलाके का बताया जा रहा है। यहां रहने वाली पुष्पाबेन कौशिकभाई भट्ट पेशे से वकील हैं। उन्होंने अपने पड़ोसी शिखर जयेशभाई गोहेल के खिलाफ कार में आग लगाने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दर्जी का काम करता है और उसकी दुकान महिला वकील की कार पार्क होने वाली जगह के सामने थी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
कार का अलार्म बना पड़ोसियों के बीच विवाद की वजह
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, 28 तारीख को दोपहर करीब 1 से 2 बजे के बीच पुष्पाबेन ने अपनी स्विफ्ट कार वाघपरा की गली नंबर 17 में पार्क की थी। इसके बाद वह अपने पति के साथ घर चली गईं। शाम करीब 5 बजे उन्हें फोन आया कि उनकी कार में आग लग गई है। जब वह मौके पर पहुंचीं तो कार के अगले हिस्से में आग लगी हुई थी। स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
कुत्ते के गुजरने पर भी बजने लगता था अलार्म
मोरबी के SP और IPS अधिकारी मुकेश कुमार पटेल ने बताया कि दोनों पड़ोसियों के बीच कार के सेंसर अलार्म को लेकर विवाद चल रहा था। महिला वकील की कार में ऐसा सेंसर लगा था, जो आसपास से किसी व्यक्ति के गुजरने पर एक्टिव हो जाता था। यहां तक कि सड़क से कुत्ता गुजरने पर भी अलार्म बजने लगता था। SP के मुताबिक, आरोपी की दुकान ठीक सामने होने के कारण उसे बार-बार अलार्म की आवाज सुननी पड़ती थी। इससे उसकी दुकान पर आने वाले ग्राहकों को भी परेशानी होती थी। आरोपी ने दो से तीन बार शिकायत की थी कि रात में या आसपास कोई मौजूद न होने पर कार का सेंसर बंद रखा जाए लेकिन इस समस्या का समाधान नहीं हुआ।
CCTV में आग लगाते दिखने का दावा
घटना के बाद आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखी गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि एक कैमरे में आरोपी शिखर गोहेल कार पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाते हुए दिखाई दे रहा है। हालांकि, इस मामले में पुलिस जांच जारी है। आग की वजह से कार का अगला हिस्सा बुरी तरह जल गया। शिकायत में करीब 3.50 लाख रुपये के नुकसान की बात कही गई है। मोरबी ए डिवीजन पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
