शादी हर किसी के जीवन का खास दिन होता है। इस दिन को यादगार बनाने के लिए लोग क्या कुछ नहीं करते। लोग महीनों पहले से ही तैयारियां शुरू कर देते हैं। ऐसे में आज कल की शादियों में फोटो और वीडियो (Video) शूट करवाना एक ट्रेंड बन गया है। लोग फोटोशूट के लिए तो दूर-दूर के शानदार लोकेशन तक भी पहुंचते हैं। कोई खूबसूरत जगह चुनता है, तो कोई खास सजावट और अलग-अलग चीजों के साथ तस्वीरें खिंचवाता है लेकिन सोचिए, अगर शादी का फोटोशूट अचानक जानलेवा अनुभव में बदल जाए तो क्या होगा? सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा ही वीडियो खूब वायरल (Viral Video) हो रहा है। जिसमें तेज हवा के कारण दुल्हन के हाथ में मौजूद गुब्बारों का एक बड़ा गुलदस्ता उसे हवा में उड़ाने लगता है। दुल्हन उड़ने ही वाली होती है कि फोटोग्राफर की सूझबूझ उसे उड़ने से बचा लेती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
फोटोशूट का यह वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
इस वीडियो (Video) को सोशल मीडिया के तमाम प्लेटफॉर्म्स पर शेयर किया जा रहा है। हमने यह वीडियो सोशल साइट एक्स पर पोस्ट करने वाले @Chrisdaramola_ नामक अकाउंट से ली है। वीडियो को शेयर करने वाले यूजर ने इसे लेकर कुछ जानकारी भी दी है। जिसमें बताया जा रहा है कि यह घटना तुर्किये के इस्तांबुल की है। यहां एक होने वाली दुल्हन बोस्पोरस स्ट्रेट के पास अपना शादी का फोटोशूट करवा रही थी। उसने खूबसूरत कपड़े पहने हुए थे और अपने लुक को खास बनाने के लिए उसने अपने हाथों में बड़े-बड़े बेज रंग के गुब्बारों का गुलदस्ता पकड़ रखा था। शुरुआत में सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन कुछ ही देर में मौसम ने ऐसा खेल दिखाया कि वहां मौजूद लोगों की सांसें अटक गईं।
तेज हवा ने दुल्हन को खींचना शुरू किया
फोटोशूट के दौरान अचानक तेज हवाएं चलने लगीं। हवा के झोंकों ने गुब्बारों को जोर से खींचना शुरू कर दिया। गुब्बारों का आकार काफी बड़ा था और उनकी वजह से दुल्हन के लिए खुद को संभालना मुश्किल होने लगा। वह किसी तरह उन्हें पकड़े खड़ी रहने की कोशिश कर रही थी। तभी हवा का एक तेज झोंका आया और गुब्बारों को अपनी ओर खींचने लगा। इसके साथ ही दुल्हन भी जमीन से ऊपर उठने लगी। वह पास की समुद्री दीवार की तरफ खिंचती चली गई। ऐसा लग रहा था कि वह हवा में उड़ जाएगी और किसी इमारत से टकरा सकती है।
फोटोग्राफर ने समय रहते पकड़ा
स्थिति को बिगड़ता देख वहां मौजूद फोटोग्राफर तुरंत हरकत में आया। उसने बिना देर किए दुल्हन को पकड़ लिया और उसे संभाल लिया। उसकी इस तेजी की वजह से महिला एक बड़े हादसे का शिकार होने से बच गई। शुक्र है कि इस घटना में दुल्हन को कोई चोट नहीं आई। वह सुरक्षित रही और बाद में अपना फोटोशूट भी पूरा कर सकी। जिस फोटोशूट को वह अपनी जिंदगी की खूबसूरत याद बनाना चाहती थी, वह उसके लिए एक हैरान करने वाला अनुभव बन गया। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोग हैरानी जता रहे हैं। कई लोग फोटोग्राफर की सूझबूझ की तारीफ कर रहे हैं, जिसने सही समय पर दुल्हन को संभाल लिया।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
