देश

विजय सरकार के खिलाफ एमके स्टालिन का हल्ला बोल, 31 अक्टूबर को राज्यभर में आंदोलन करेगी DMK

MK Stalin Protest: स्टालिन ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री जनता के लिए उपलब्ध नहीं हैं और ऐसे काम कर रहे हैं जैसे अभी भी शूटिंग कैरावैन में हों और अपने पद को 9 से 5 की डेस्क जॉब की तरह ट्रीट कर रहे हैं।

Image

TVK के खिलाफ DMK का हल्ला बोल (फोटो साभार- PTI)

MK Stalin Protest: तमिलनाडु में विपक्षी पार्टी DMK ने सत्तारूढ़ TVK सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। DMK अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने 31 अक्टूबर को पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। यह प्रदर्शन DMK की महिला विंग द्वारा सभी जिला मुख्यालयों पर किया जाएगा। शुक्रवार को एक वीडियो और X पर पोस्ट जारी करते हुए स्टालिन ने TVK सरकार को "दिशाहीन" और स्वतंत्र सोच से रहित सरकार बताया। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन सोई हुई सरकार को जगाने के लिए है।

विजय सरकार पर सीधा निशाना

स्टालिन ने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें वोट इस उम्मीद में दिया था कि उनकी फिल्मी हीरोइज्म असल जिंदगी में भी दिखेगी, लेकिन जनता निराश हुई है। स्टालिन ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री जनता के लिए उपलब्ध नहीं हैं और ऐसे काम कर रहे हैं जैसे अभी भी शूटिंग कैरावैन में हों और अपने पद को 9 से 5 की डेस्क जॉब की तरह ट्रीट कर रहे हैं।

कानून-व्यवस्था पर सवाल

DMK प्रमुख ने राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह फेल होने का दावा किया। उन्होंने चेन्नई के पॉश इलाकों में दिनदहाड़े हत्याओं, बच्चों के खिलाफ यौन हिंसा और हाल ही में थेनी जिला जेल से एक ही रात में 17 कैदियों के फरार होने की घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हाल की 50 प्रतिशत आपराधिक घटनाओं में TVK के पदाधिकारियों की संलिप्तता है। उन्होंने DRI द्वारा एक TVK पदाधिकारी की अंतरराष्ट्रीय सिंथेटिक ड्रग सिंडिकेट में कथित संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तारी का हवाला दिया और सवाल उठाया कि क्या ऐसे अवैध ड्रग मनी का इस्तेमाल सत्तारूढ़ पार्टी के चुनाव अभियान में किया गया था।

महंगाई और बिजली संकट का मुद्दा

अर्थव्यवस्था और बिजली क्षेत्र पर बोलते हुए स्टालिन ने चावल, प्याज जैसी जरूरी वस्तुओं के दामों में तेज बढ़ोतरी और 37 रुपये प्रति यूनिट की महंगी दर पर बिजली खरीदने को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने इसे खराब दीर्घकालिक योजना का नतीजा बताया। मंत्री विश्वनाथन द्वारा पिछले DMK शासन को बिजली संकट के लिए जिम्मेदार ठहराने और थूथुकुडी प्रोजेक्ट में 13,000 करोड़ में से 6,000 करोड़ के नुकसान के आरोपों पर स्टालिन ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ दल आंख बंद करके सोच रहा है कि दुनिया अंधेरे में है, जबकि उनके बदलते बहाने ही उनके कुप्रबंधन को उजागर करते हैं।

मदुरै और चेन्नई में बयान

मदुरै में स्वतंत्रता सेनानी पसुमपोन मुथुरामलिंगा थेवर के स्मारक पर श्रद्धांजलि देने के बाद स्टालिन ने कहा कि DMK ने हमेशा थेवर को सम्मान दिया है और उनकी निडर भावना से प्रेरणा लेती है। अंबासमुद्रम उपचुनाव में NTK प्रमुख सीमन को समर्थन के सवाल पर उन्होंने कहा कि चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद फैसला लेंगे। चेन्नई एयरपोर्ट पर पूर्व DMK मंत्री की गिरफ्तारी पर उन्होंने इसे राजनीतिक प्रतिशोध बताया और कहा कि पार्टी कोर्ट में कानूनी रूप से सामना करेगी। उन्होंने कहा कि DMK ने पहले MISA, TADA, POTA जैसे कठोर कानूनों का सामना किया है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article