कल का मौसम 31 अक्टूबर 2026 : उत्तर भारत में तेज हवाओं और बारिश से मौसम कूल-कूल हो गया है, जिससे लोगों को ठंड का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग ने अगले 24 के दौरान दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार में आंधी, गरज-चमक के साथ बादल बरसते नजर आएंगे, जिससे तापमान में कई डिग्री सेल्सियस की कमी रिकॉर्ड की जाएगी। कई जगहों पर ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा जताया गया है। उधर, पहाड़ों पर एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव है, जिसके असर से उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू के कुछ हिस्सों पर बारिश और बर्फबारी ने सर्दी का एहसास कराना शुरू कर दिया है। स्काईमेट ने चक्रवाती तूफान अर्नब के असर से ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल समेत कई पड़ोसी राज्यों में 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान आने और मूसलाधार वर्षा का अलर्ट घोषित है। गुजरात में बारिश तो महाराष्ट्र में मौसम साफ रहने का अनुमान है।
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में रातभर हुई बारिश के बाद शुक्रवार सुबह काले बादल छाए रहे और धुंध रही, जिससे मौसम ठंडा हो गया। राजधानी में चार साल में अक्टूबर का सबसे अधिक बारिश वाला दिन दर्ज किया गया, जबकि 2022 के बाद इस महीने में सबसे अधिक बारिश हुई। मौसम में आए बदलाव से शहर की हवा की गुणवत्ता ’संतोषजनक’ श्रेणी में पहुंच गई है। आईएमडी ने अगले कुछ घंटों के लिए ’रेड’ अलर्ट जारी करते हुए कई हिस्सों में और बारिश तथा गरज के साथ तूफान आने की चेतावनी दी है। मौसम विभाग का ’रेड’ अलर्ट दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, शाहदरा, मध्य दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, नयी दिल्ली, दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली और उत्तरी दिल्ली के कुछ हिस्सों के लिए जारी किया गया था। फिलहाल, न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सीपीसीबी) के अनुसार, एक्यूआई 90 दर्ज किया गया, जो ’संतोषजनक’ श्रेणी में आता है।
राजस्थान में कैसा है मौसम
राजस्थान की राजधानी जयपुर सहित अनेक जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इसके अनुसार शुक्रवार सुबह तक के चौबीस घंटे में जयपुर, अलवर, सीकर व चूरू सहित अनेक जिलों में बूंदाबांदी से लेकर चार सेंटीमीटर तक बारिश हुई। खैरथल, हरसोली, पावटा व दौसा में सबसे अधिक चार-चार सेंटीमीटर बारिश हुई।
इस दौरान बूंदाबांदी के साथ तेज हवाएं चलने से अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। बीते चौबीस घंटे में अधिकतम तापमान बाड़मेर में 35.8 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान जवाई डैम, पाली में 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 30 अक्टूबर को भी पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर संभाग के कुछ भागों में तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
इसी तरह पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के पूर्वी भागों में आज बादल छाए रहने व कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। हालांकि, सीमावर्ती क्षेत्र के अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः सूखा रहेगा। वहीं शनिवार को पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने व एक नवंबर से राज्य के अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।
उत्तराखंड में बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड में केदारनाथ धाम सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी जारी रहने और निचले इलाकों में बारिश होने से पूरा प्रदेश ठंड की चपेट में आ गया है। राज्य के पांच जिलों में भारी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए ’ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। केदारनाथ, गंगोत्री, औली समेत अनेक ऊंचाई वाली जगहों पर बर्फबारी जारी रही जबकि बदरीनाथ के चारों ओर ऊंची पहाड़ियों जैसे नीलकंठ पर्वत और नर-नारायण पर्वत पर जमकर हिमपात हुआ। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के सदस्य विनीत पोस्ती ने बताया कि पिछले 24 घंटे से भी अधिक समय से पूरे केदारनाथ क्षेत्र में लगातार बर्फबारी हो रही है। प्रदेश के ज्यादातर निचले इलाकों में बारिश जारी है जिससे तापमान में गिरावट आयी और ठंड का अहसास बढ़ गया। देहरादून मौसम केंद्र ने शुक्रवार के लिए प्रदेश के पांच जिलों-नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर एवं चमोली के लिए ’ऑरेंज’ अलर्ट तथा अन्य जिलों के लिए ’यलो अलर्ट’ जारी किया है ।मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर एवं चमोली जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि एवं 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
क्या है चक्रवाती तूफान अर्नब की स्थिति
चक्रवाती तूफान ’अर्णब’ के दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे सटे दक्षिण ओडिशा के ऊपर कमजोर होकर अवदाब में बदल जाने से बृहस्पतिवार को पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। आईएमडी ने बताया कि अवदाब के गुरुवार रात तक कमजोर होकर सुस्पष्ट निम्नदाब क्षेत्र में बदलने की संभावना है, जिससे शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। बृहस्पतिवार सुबह दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बना है।आईएमडी के अनुसार, जैसे-जैसे यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ेगा, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर इसके और गहराने की संभावना है।
मौसम विभाग ने चक्रवात ’अर्नब’ के प्रभाव के कारण शुक्रवार तक दक्षिण बंगाल के दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झारग्राम, बांकुरा और पुरुलिया जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। आईएमडी ने कहा कि शनिवार सुबह तक दार्जिलिंग, कलिमपोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जैसे उप-हिमालयी जिलों में भारी बारिश होगी। उसने कहा शनिवार तक पूरे पश्चिम बंगाल में आंधी और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
