वायरल न्यूज़

Viral Video: कर्मचारी की मेहनत का मिला ऐसा इनाम, कंपनी ने गिफ्ट कर दी करोड़ों की कार

एक कंपनी ने अपनी कर्मचारी को उसके परफॉर्मेंस को देखते हुए उसे ऐसा सरप्राइज दिया कि उसकी खुशी का कोई ठिकाना ही नहीं रहा। कंपनी ने इस खाल पल का वीडियो भी अपने इंस्टाग्राम पेज से शेयर किया है।

Image

दुबई की एक कंपनी ने कर्मचारी को गिफ्ट में लैम्बोर्गिनी कार दे दी (Instagram/@richkey_properties)

नौकरी में अच्छा काम करने पर कर्मचारियों को अक्सर बोनस, प्रमोशन या कोई खास तोहफा मिलता है लेकिन क्या आपने कभी सुना है कि किसी कंपनी ने अपने कर्मचारी को उसकी मेहनत के बदले सीधे लग्जरी कार ही गिफ्ट कर दी हो? ऐसा ही कुछ दुबई की एक रियल एस्टेट कंपनी में देखने को मिला है। यहां कंपनी ने अपनी टॉप परफॉर्मर कर्मचारी को एक शानदार लैम्बोर्गिनी कार देकर सरप्राइज कर दिया। इस अनोखे इनाम का वीडियो अब सोशल मीडिया (Social Media) पर तेजी से वायरल हो रहा है।

कंपनी ने अपने टॉप परफॉर्मर कर्मचारी को दिया सरप्राइज

दरअसल, दुबई की रियल एस्टेट कंपनी 'रिच की प्रॉपर्टीज' (Rich Key Properties) ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस खास पल का वीडियो शेयर किया है। इसमें कंपनी की कर्मचारी नतालिया चावेज को साल 2026 की टॉप परफॉर्मर के तौर पर सम्मानित किया जाता दिखाई दे रहा है। हालांकि, उन्हें इस बात का बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि कंपनी ने उनके लिए इससे भी बड़ा सरप्राइज तैयार कर रखा है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

पहले मंच पर बुलाकर किया सम्मानित

वीडियो में देखा जा सकता है कि कंपनी के संस्थापक और CEO दाबान ओथमान नतालिया चावेज को मंच पर बुलाते हैं। वहां उनकी मेहनत और शानदार प्रदर्शन की तारीफ करते हुए उन्हें 2026 का टॉप परफॉर्मर घोषित किया जाता है। इसके बाद नतालिया अपना पुरस्कार लेने के लिए मंच पर पहुंचती हैं। उन्हें लगता है कि अब समारोह खत्म हो गया है और वह मंच से नीचे उतरने लगती हैं लेकिन तभी कंपनी के CEO उन्हें रोक लेते हैं। वह कहते हैं, 'क्या आपको लगता है कि बस इतने में ही हो गया? अभी तो कुछ नहीं हुआ।' इसके बाद वह वहां मौजूद लोगों से पूछते हैं कि क्या वे एक और सरप्राइज के लिए तैयार हैं।

काउंटडाउन के बाद सामने आई नीली लैम्बोर्गिनी

इसके बाद CEO काउंटडाउन शुरू करते हैं। मंच पर मौजूद नतालिया भी यह जानने के लिए उत्सुक नजर आती हैं कि आखिर उनके लिए क्या खास होने वाला है। तभी एक रिबन-कटिंग सेरेमनी होती है और उनके सामने एक शानदार नीली लैम्बोर्गिनी पेश की जाती है। यह नजारा देखकर नतालिया की खुशी का ठिकाना नहीं रहता। उन्हें कंपनी की ओर से यह लग्जरी कार गिफ्ट की जाती है। समारोह में मौजूद लोग भी इस सरप्राइज को देखकर तालियां बजाने लगते हैं। देखते ही देखते यह पल पूरे कार्यक्रम का सबसे खास पल बन जाता है। कंपनी ने इस वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, 'जब आप रिचकी में अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो ऐसा होता है! बड़ी जीत और बड़े सपने।' साथ ही नतालिया को इस उपलब्धि के लिए बधाई भी दी।

सोशल मीडिया पर हो रही कंपनी की तारीफ

इस वायरल वीडियो (Viral Video) सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स कंपनी के इस अंदाज की खूब तारीफ कर रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि कर्मचारियों की मेहनत को इस तरह पहचान देना बेहद शानदार है। वहीं, कुछ यूजर्स ने इसे कर्मचारी सम्मान का नया उदाहरण बताया। लोग नतालिया को भी उनकी इस उपलब्धि के लिए बधाई दे रहे हैं।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article