वायरल न्यूज़

21 KM की परिक्रमा और वो भी सिर के बल, शख्स के इस अनोखी भक्ति का Video हुआ वायरल

सोशल मीडिया पर एक शख्स का वीडियो काफी वायरल हो रहा है। जिसमें देखा जा सकता है कि वह शख्स सिर के बल खिसकते हुए गोवर्धन पर्वत की 21 किलोमीटर लंबी परिक्रमा कर रहा है।

Image

सिर के बल गोवर्धन पर्वत की 21 किलोमीटर लंबी परिक्रमा करते हुए शख्स (Instagram/@captain.puransing)

Viral Video: भगवान के प्रति आस्था और भक्ति के कई अनोखे रूप देखने को मिलते हैं। कुछ लोग पैदल यात्रा करते हैं, तो कुछ कठिन रास्तों पर दंडवत प्रणाम करते हुए अपनी यात्रा पूरी करते हैं लेकिन सोशल मीडिया पर इन दिनों एक शख्स का वीडियो खूब वायरल हो रहा है, जो सिर के बल गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा कर रहा है। उसकी इस अनोखी यात्रा को देख लोग हैरान हैं।

कौन है यह शख्स?

सिर के बल गोवर्धन परिक्रमा कर रहे इस शख्स का नाम कैप्टन पूरण सिंह बताया जा रहा है। वह उत्तर प्रदेश के मथुरा में स्थित गोवर्धन पर्वत की करीब 21 किलोमीटर लंबी परिक्रमा शीर्षासन करते हुए पूरी करने की कोशिश कर रहे हैं। यानी वह अपने पैरों पर चलने के बजाय सिर और हाथों के सहारे आगे बढ़ रहे हैं। उनका यह वीडियो (Video) इंस्टाग्राम पर @captain.puransingh नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है।

हर दिन 600 मीटर चलने का है लक्ष्य

वीडियो (Video) में पूरण सिंह सड़क पर सिर के बल खिसकते हुए आगे बढ़ते दिखाई देते हैं। जानकारी के मुताबिक, उन्होंने अपनी परिक्रमा दान घाटी मंदिर से शुरू की है। वह रोज सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच अपनी यात्रा शुरू करते हैं। उनका हर दिन लगभग 600 मीटर की दूरी तय करने का लक्ष्य है। इस यात्रा में वह लगातार आगे नहीं बढ़ते। हर 100 मीटर चलने के बाद कुछ देर आराम करते हैं। आराम के दौरान भी वह योग करते रहते हैं, ताकि उनके शरीर की गर्मी बनी रहे।

चौथे दिन तक पूरी कर चुके थे 1800 मीटर की यात्रा

शेयर किए गए वीडियो के मुताबिक, यह उनकी यात्रा का चौथा दिन था। उस समय तक पूरण सिंह करीब 1800 मीटर की दूरी पूरी कर चुके थे। 21 किलोमीटर की पूरी परिक्रमा करना उनके लिए एक लंबी और चैलेंजिंग है इसलिए वह रोज तय दूरी पूरी करने की कोशिश कर रहे हैं। उनकी इस यात्रा को देखने के लिए आसपास से लोग भी पहुंच रहे हैं। कई लोग उनके इस अनोखे प्रयास को देखकर हैरानी जता रहे हैं।

परिक्रमा के बाद रिकॉर्ड तोड़ने की भी तैयारी

वीडियो (Video) में यह भी दावा किया गया है कि कैप्टन पूरण सिंह ने चार घंटे तक हेडस्टैंड यानी सिर के बल खड़े रहने का लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड बनाया है। बताया जा रहा है कि गोवर्धन परिक्रमा पूरी करने के बाद वह अपने पुराने रिकॉर्ड को तोड़ने की कोशिश करेंगे। इसके लिए वह करीब 4 घंटे 30 मिनट तक सिर के बल खड़े रहने का लक्ष्य रख रहे हैं। पूरण सिंह की यह यात्रा इन दिनों सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रही है। उनकी कोशिश को देखकर लोग उनके साहस, अभ्यास और लगन की चर्चा कर रहे हैं।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article