आज के समय में अधिकतर प्राइवेट कंपनियां कम उम्र के कर्मचारियों को ज्यादा प्राथमिकता देती हैं। मगर हाल में ही मुंबई के एक स्टार्टअप ने कुछ हटकर सबसे अलग काम कर दिखाया है। इस स्टार्टअप के अनोखे फैसले को लेकर पूरे सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा हो रही है। दरअसल, इस स्टार्टअप ने 64 साल के एक व्यक्ति को इंटर्न के रूप में रखा है और कंपनी ने इसे अब तक का अपना सबसे अच्छा फैसला बताया है।
64 साल के इंटर्न का वीडियो हुआ वायरल
फिलहाल सोशल मीडिया पर कंपनी के इस इंटर्न का एक वीडियो (Video) वायरल हो रहा है। जिसमें देखा जा सकता है कि 64 साल का यह इंटर्न ऑफिस में अपने से कम उम्र के सहकर्मियों के साथ बातचीत करते नजर आ रहे हैं। टीम के लोग उनकी बातों को ध्यान से सुन रहे हैं और उनसे सीखने की कोशिश कर रहे हैं।
कंपनी ने क्यों चुना इतने बुजुर्ग कर्मचारी को?
इस स्टार्टअप के फाउंडर का कहना है कि, "इस इंटर्न के पास सालों का अनुभव है, जो टीम के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो रहा है। वह न सिर्फ काम से जुड़ी जानकारी देते हैं, बल्कि टीम का मनोबल भी बढ़ाते हैं। जब भी टीम का आत्मविश्वास कम होता है, वह अपने अनुभव से उन्हें प्रेरित करते हैं।"
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े:
इतनी उम्र में इंटर्न क्यों बना यह बुजुर्ग
कई लोगों के मन में सवाल था कि इतनी उम्र में कोई इंटर्न क्यों बना। इस पर स्टार्टअप के फाउंडर ने बताया कि यह व्यक्ति काम करना चाहता था और घर पर खाली नहीं बैठना चाहता था। वह अपने अनुभव को दूसरों के साथ बांटना चाहता है, इसलिए उसने इंटर्न के रूप में काम करना चुना।
लोग स्टार्टअप के इस पहल की खूब कर रहे हैं तारीफ
सोशल मीडिया पर स्टार्टअप के इस पहल की खूब तारीफ हो रही है। कई लोगों ने कहा कि कंपनी का यह फैसला दिखाता है कि सीखने और सिखाने की कोई उम्र नहीं होती। कुछ यूजर्स ने मजाक में यह भी लिखा कि मेरे घर में भी ऐसे अनुभवी लोग हैं, उन्हें भी नौकरी दे दीजिए। इस वायरल वीडियो (Viral Video) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @joshuasalins नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे अब तक लाखों लोगों ने देखा और हजारों लोगों ने इसे लाइक किया है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
