दुनिया के सबसे अहम समुद्री रास्तों में शामिल स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (strait of hormuz) में तनाव बढ़ गया है। यहां दो तेल टैंकरों में विस्फोट होने का दावा किया गया है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना के मुताबिक, दोनों टैंकर अवैध रास्ते से गुजरने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान वे नौसैनिक बारूदी सुरंगों से टकरा गए। इनमें एक सुपरटैंकर भी शामिल बताया जा रहा है।
होर्मुज में दो तेल टैंकरों में धमाका
ईरानी मीडिया प्रेस टीवी ने IRGC नौसेना के बयान के हवाले से बताया कि एक टैंकर में जोरदार धमाका हुआ और उसमें आग लग गई। ईरान का आरोप है कि दोनों जहाजों ने अपनी नेविगेशन और पहचान प्रणाली बंद कर रखी थी। साथ ही, प्रतिबंधित समुद्री रास्तों से नहीं गुजरने की चेतावनी को भी नजरअंदाज किया था। हालांकि, अभी इन दोनों टैंकरों में विस्फोट और बारूदी सुरंगों से टकराने के ईरानी दावे की खुले तौर पर कोई पुष्टि सामने नहीं आई है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: फ्लोरिडा में प्राइवेट जेट क्रैश, 9 लोगों की मौत
UKMTO ने भी दी जहाज पर हमले की जानकारी
इस बीच ब्रिटेन की समुद्री सुरक्षा एजेंसी यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) ने भी स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में एक कॉमर्शियल जहाज पर हमले की सूचना दी है। एजेंसी के मुताबिक, 1 नवंबर को करीब 15:09 UTC (Coordinated Universal Time), भारतीय समयानुसार 08:39 PM पर उसे इस घटना की जानकारी मिली। एक जहाज के कप्तान ने VHF चैनल 16 पर मेडे कॉल भेजा था। इसमें बताया गया कि एक अज्ञात प्रोजेक्टाइल से दूसरे जहाज को टक्कर लगी है। UKMTO ने इलाके से गुजरने वाले सभी जहाजों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी देने की सलाह दी है।
कतर के LNG जहाज को निशाना बनाने की निंदा
इस घटना के बीच सऊदी अरब ने कतर गैस ट्रांसपोर्ट कंपनी के स्वामित्व वाले LNG कैरियर 'अल मायदा' को निशाना बनाए जाने की निंदा की है। सऊदी विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस तरह की घटनाएं समुद्री रास्तों की सुरक्षा और दुनिया की ऊर्जा आपूर्ति के लिए खतरा हैं। उसने कतर के साथ एकजुटता जताते हुए इंटरनेशनल कम्युनिटी से तुरंत कार्रवाई करने की मांग की है। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने भी अल मायदा जहाज को निशाना बनाए जाने की निंदा की है।
कुछ दिन पहले भी हुआ था टैंकर पर हमला
गौरतलब है कि 30 अक्टूबर को भी UKMTO ने ओमान के खसाब से करीब 25 समुद्री मील उत्तर-पूर्व में एक टैंकर पर हमले की जानकारी दी थी। एजेंसी के अनुसार, एक छोटी नाव जहाज के पास आई और उसके बाहरी हिस्से पर पानी की सतह से ऊपर दो विस्फोटक उपकरण लगा दिए। इसके बाद इंजन कक्ष में आग लग गई और टैंकर कुछ समय के लिए काम करने में असमर्थ हो गया।
क्यों अहम है स्ट्रेट ऑफ होर्मुज
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल परिवहन मार्गों में से एक है। यहां से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और गैस दुनिया के अलग-अलग देशों तक पहुंचती है। ऐसे में इस रास्ते पर किसी भी तरह का सैन्य तनाव या जहाजों पर हमला वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और तेल बाजार को प्रभावित कर सकता है।
