वायरल न्यूज़

Viral Video: 2.5 लाख शीशे, 360 घंटे की मेहनत और गजब का नजारा! मॉल में विराजे 20 फीट के चमचमाते हनुमान जी

Viral Video: गुरुग्राम के एम्बिएंस मॉल में हाल ही में एक ऐसी कलाकारी देखने को मिली है, जो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। यहां दिवाली के खास मौके पर लगभग 20 फीट ऊंची भगवान हनुमान की एक भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। इस मूर्ति की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे बनाने में किसी साधारण धातु या पत्थर का नहीं, बल्कि 2.5 लाख से अधिक छोटे-छोटे शीशों का इस्तेमाल किया गया है।

Image

सोशल मीडिया पर छाए हनुमान जी (तस्वीर साभार- @the.unseen.gurgaon)

Viral Video: सोशल मीडिया की दुनिया में कब क्या वायरल हो जाए, यह कोई नहीं जानता। कई बार तो ऐसे नजारे देखने को मिल जाते हैं, जिनके बारे में हम आप सोच तक नहीं सकते। वहीं, कुछ नजारे ऐसे भी होते हैं, जो सीधे दिल को छू लेते हैं। जबकि, कुछ मामले ऐसे होते हैं, जो हमेशा के लिए याद रह जाते हैं। इसी कड़ी में इन दिनों इंटरनेट पर गुरुग्राम के एक मॉल का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर हर कोई अपनी आंखों पर यकीन नहीं कर पा रहा है। लोग मॉल के बीचों-बीच रुक-रुक कर तस्वीरें ले रहे हैं और वीडियो बना रहे हैं।

त्योहारों का सीजन हो और बाजारों या मॉल्स में सजावट न हो, ऐसा तो हो ही नहीं सकता। लेकिन, इस बार गुरुग्राम के मशहूर एम्बिएंस मॉल ने सजावट के मामले में सबको पीछे छोड़ दिया है। यहां स्थापित की गई भगवान हनुमान की नई प्रतिमा ने शहरभर के श्रद्धालुओं और विजिटर्स का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @the.unseen.gurgaon द्वारा शेयर किए गए इस वीडियो को देखकर लोग इसकी भव्यता की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। इस प्रतिमा की सबसे बड़ी खूबी इसकी बनावट है। इस विशालकाय मूर्ति को सजाने के लिए सामान्य चीजों के बजाय 2,51,000 विशेष शीशों का उपयोग किया गया है। जब मॉल की लाइटें इन शीशों पर पड़ती हैं, तो पूरा प्रांगण सुनहरी रोशनी से जगमगा उठता है। जानकारी के अनुसार, इस शानदार गोल्डन फिनिश वाली मूर्ति को तैयार करने में कलाकारों को 360 घंटों से भी अधिक का समय लगा है। हनुमान जी और उनके हाथ में सुशोभित उनकी गदा भी इसी मिरर-वर्क से सजाई गई है, जो देखने में बेहद भव्य और मनमोहक लगती है। यह मूर्ति आकार में भी काफी विशाल है। मॉल की पहली मंजिल तक फैली इस प्रतिमा की ऊंचाई लगभग 20 फीट है। इतनी ऊंचाई और इतनी बारीकी से किए गए शीशे के काम को देखकर हर आने-जाने वाला शख्स कुछ पल के लिए ठहर जाता है और अपने फोन में इस दृश्य को कैद करने से खुद को रोक नहीं पाता। देखें वीडियो...

दिल जीतने वाला नजारा

इस नजारे को देखकर आपको भी अपनी आंखों पर यकीन करना मुश्किल हो रहा होगा। अब यह वीडियो लोगों के बीच छाया हुआ है। इतना ही नहीं इस वीडियो को डेढ़ मिलियन से ज्यादा लोगों ने पसंद किए हैं। इतना ही नहीं वीडियो पर यूजर्स जमकर कमेंट भी कर रहे हैं। लोग इसे इस साल का सबसे बेहतरीन और अनोखा डेकोरेशन मान रहे हैं। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।

Kaushlendra Pathak
कौशलेंद्र पाठकauthor

कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।

और पढ़ें
End of Article