यूटिलिटी

चांदी का सिक्का खरीदने से पहले जान लें ये 4 आसान टेस्ट, असली-नकली का लग जाएगा पता

अगर आप भी फेस्टिव सीजन में चांदी का सिक्का खरीदने जा रहे हैं तो ये जानकारी आपके काम की हो सकती है। खरीदारी से पहले आपको सिक्के के असली या नकली होने का पता जरूर लगाना चाहिए।

Image

चांदी का सिक्का असली है या नकली ऐसे करें पता (AI Generated Image)

Silver Coin Purity Test: दिवाली, धनतेरस और शादी-ब्याह के सीजन में चांदी के सिक्के खरीदने का चलन है। कई लोग इन्हें निवेश के साथ-साथ शुभ अवसरों पर उपहार देने के लिए भी खरीदते हैं। लेकिन बाजार में असली चांदी के नाम पर नकली या कम शुद्धता वाले सिक्के भी बेचे जा सकते हैं। ऐसे में खरीदारी करते समय कुछ आसान तरीकों से सिक्के के असली होने का पता लगाया जा सकता है। खास बात यह है कि इन तरीकों को आजमाने के लिए आपको किसी खास मशीन या विशेषज्ञ की जरूरत नहीं है-

हॉलमार्क और शुद्धता का निशान देखें

चांदी का सिक्का खरीदते समय सबसे पहले उस पर लगे शुद्धता के निशान को देखें। सिक्के पर 999, 925 या 800 जैसे नंबर लिखे हो सकते हैं। 999 का मतलब है कि उसमें 99.9 प्रतिशत चांदी है, जबकि 925 का मतलब 92.5 प्रतिशत चांदी है। अगर सिक्के पर BIS हॉलमार्क और छह अंकों का HUID नंबर दिया गया है तो उसे BIS Care App के Verify HUID फीचर से चेक कर सकते हैं। ऐप में दिखाई देने वाली जानकारी का सिक्के और विक्रेता की जानकारी से मिलान करें। ध्यान रखें कि चांदी की हॉलमार्किंग स्वैच्छिक है, इसलिए हर सिक्के पर हॉलमार्क हो जरूरी नहीं।

चुंबक से करें जांच

असली चांदी चुंबक की तरफ आकर्षित नहीं होती। इसलिए खरीदारी के समय एक छोटा मजबूत चुंबक अपने साथ रख सकते हैं। इसे सिक्के के पास ले जाकर देखें। अगर सिक्का चुंबक से चिपक जाता है, तो उसमें लोहे जैसी दूसरी धातु होने की आशंका हो सकती है। हालांकि, चुंबक से न चिपकना असली चांदी होने का पक्का प्रमाण नहीं है, क्योंकि कई नकली धातुएं भी चुंबकीय नहीं होतीं।

बर्फ से करें चांदी की पहचान

चांदी गर्मी की बहुत अच्छी सुचालक (Thermal Conductivity) धातु होती है। इसकी मदद से भी सिक्के की शुरुआती जांच की जा सकती है। इसके लिए चांदी के सिक्के के ऊपर बर्फ का एक टुकड़ा रखें। अगर सिक्का असली चांदी का है तो उसकी सतह पर रखी बर्फ दूसरी धातुओं के मुकाबले में तेजी से पिघल सकती है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि चांदी तेजी से गर्मी को बर्फ तक पहुंचाती है, जिससे वह जल्दी पिघलने लगती है। ऐसे ही आप समान तापमान पर रखे किसी दूसरी धातु के सिक्के पर भी इसी प्रक्रिया को पूरी कर तुलना कर सकते हैं।

सिक्के की आवाज सुनें

असली चांदी के सिक्के को हल्के से किसी दूसरी धातु से छूने पर आमतौर पर साफ और कुछ देर तक गूंजने वाली आवाज आती है। वहीं, कई दूसरी धातुओं से बने सिक्कों की आवाज भारी या जल्दी खत्म होने वाली हो सकती है। इस तरीके को आजमाते समय सिक्के को नुकसान न पहुंचाएं।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article