शहर

Noida News: शहर में यहा बनेगा ब्रह्मसरोवर, बोटिंग से लेकर वॉकिंग ट्रैक तक की मिलेगी सुविधा

Noida News: नोएडा के गेझा गांव में लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से 1.8 एकड़ में ब्रह्मसरोवर विकसित किया जाएगा। यहां बोटिंग, वॉकिंग ट्रैक, लैंडस्केपिंग और बैठने की सुविधाएं भी प्रस्तावित हैं।

Image

नोएडा के लोगों को मिलेगा एक और पिकनिक प्वाइंट

Noida News: नोएडा के लोगों को जल्द ही घूमने-फिरने और परिवार के साथ समय बिताने के लिए एक नया ठिकाना मिलने वाला है। यहां के गेझा गांव में लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से पुराने तालाब को ब्रह्मसरोवर के रूप में विकसित किया जाएगा। लगभग 1.8 एकड़ में बनने वाले इस सरोवर में हरियाली, खूबसूरत लैंडस्केपिंग और वॉकिंग ट्रैक जैसी सुविधाएं होंगी। इसके अलावा यहां बोटिंग शुरू करने की भी योजना है। नोएडा प्राधिकरण ने परियोजना के लिए टेंडर जारी कर दिया है।

परियोजना पूरी होने के बाद यह स्थान शहर के लोगों के लिए पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित होगा। खास बात यह है कि इसके लिए किसी नई जमीन पर निर्माण करने के बजाय गांव के पुराने तालाब को नया स्वरूप दिया जाएगा। इससे जलाशय के आसपास हरियाली विकसित करने के साथ लोगों को सार्वजनिक मनोरंजन स्थल भी मिल पाएगा।

तालाब के चारों तरफ बनेगा वॉकिंग ट्रैक

ब्रह्मसरोवर (Noida Lake) का डिजाइन सलाहकार कंपनी ने तैयार कर लिया है। इसके मुताबिक तालाब के आसपास आकर्षक लैंडस्केपिंग की जाएगी। इसके परिसर में अलग-अलग तरह के पौधे और रंग-बिरंगे फूल लगाए जाएंगे, जिससे यहां आने वाले लोगों को हरियाली के बीच समय बिताने का अवसर मिलेगा।

लोगों के बैठने के लिए जगह-जगह बेंच बनाई जाएंगी। इसके अलावा पूरे सरोवर के चारों ओर वॉकिंग ट्रैक विकसित किया जाएगा। इससे सुबह-शाम टहलने वाले लोगों को भी सुविधा मिलेगी।

परियोजना में बोटिंग की सुविधा भी प्रस्तावित है। हालांकि, इसे निर्माण पूरा होने के बाद जरूरत और उपलब्ध व्यवस्थाओं के आधार पर शुरू किया जा सकता है। यानी बोटिंग की सुविधा को लेकर अभी अंतिम संचालन व्यवस्था साफ नहीं है।

16 नवंबर तक टेंडर के लिए आवेदन मंगाए गए

नोएडा प्राधिकरण ने ब्रह्मसरोवर के निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया है। इच्छुक निर्माण कंपनियां 16 नवंबर तक आवेदन कर सकती हैं। इसके अगले दिन यानी 17 नवंबर को कम लागत वाली कंपनी का चयन किया जाएगा।

चयनित कंपनी को निर्माण कार्य पूरा करने के लिए एक साल का समय दिया जाएगा। इस तरह टेंडर प्रक्रिया और निर्माण निर्धारित समय के अनुसार आगे बढ़ने पर शहर को अगले एक साल में नया पिकनिक स्पॉट मिल सकता है।

सेक्टर-164 और 107 में भी बनेंगे सरोवर

नोएडा में पुराने तालाबों को विकसित करने की दिशा में यह अकेली परियोजना नहीं है। गेझा गांव के अलावा सेक्टर-164 में भी एक सरोवर का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं, सेक्टर-107 में पुष्करिणी तालाब को विकसित करने का काम चल रहा है।

इन परियोजनाओं का मकसद पुराने जलाशयों को नया स्वरूप देना और शहर में हरित क्षेत्र तथा सार्वजनिक घूमने-फिरने के स्थान तैयार करना है। गेझा का ब्रह्मसरोवर तैयार होने के बाद नोएडा के लोगों को परिवार के साथ समय बिताने के लिए एक और विकल्प मिल जाएगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article