शहर

'यूपी फिलिस्तीन न बन जाए इसलिए योगी सरकार दोबारा नहीं बननी चाहिए', मौलाना जर्जिश की तकरीर का Video वायरल

यूपी के औरैया में मौलाना जर्जिश की तकरीर का वीडियो वायरल है। उन्होंने फिलिस्तीन का उदाहरण देकर मुसलमानों से एकजुट होने की अपील की और योगी सरकार दोबारा ना बनने की बात कही।

Image

यूपी के औरैया में तकरीर देते मौलाना जर्जिश (Times Now Navbharat)

उत्तर प्रदेश के औरैया में मौलाना जर्जिश की एक तकरीर का वीडियो (Video) सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि मौलाना ने 29 अक्टूबर को एक कार्यक्रम में भाषण देते हुए यूपी के मुसलमानों के बीच डर और असुरक्षा की बात कही। उन्होंने फिलिस्तीन का उदाहरण देते हुए लोगों से एकजुट होने की अपील की। साथ ही उन्होंने योगी सरकार को लेकर भी कई विवादित टिप्पणियां कीं।

'हम खौफ में जी रहे हैं'

मौलाना जर्जिश ने अपनी तकरीर में कहा कि उत्तर प्रदेश में मुसलमान खौफ के माहौल में जी रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि अगर योगी सरकार दोबारा सत्ता में आती है, तो मुसलमानों के घरों पर बुलडोजर चल सकते हैं और उनके घर जलाए जा सकते हैं। उन्होंने लोगों से कहा कि किसी भी हाल में इस सरकार को दोबारा नहीं आने देना चाहिए।

फिलिस्तीन का उदाहरण देकर एकजुट होने की अपील

मौलाना ने अपनी तकरीर में फिलिस्तीन के मुसलमानों का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि वहां के हालात से सबक लेने की जरूरत है। उन्होंने यूपी के मुसलमानों से एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि वे बिखरे हुए हैं और अब उन्हें अपनी एकता दिखानी होगी। उन्होंने पश्चिम बंगाल का भी जिक्र किया। मौलाना के मुताबिक, मुसलमानों की गलती की वजह से बंगाल को लूट लिया गया और अब उत्तर प्रदेश में ऐसी स्थिति नहीं आने देनी चाहिए।

CJP के प्रदर्शन को लेकर भी कही बात

अपनी तकरीर में मौलाना जर्जिश ने CJP के जंतर-मंतर प्रदर्शन का भी जिक्र किया। उन्होंने इस प्रदर्शन को अपने लिए राहत बताते हुए कहा कि इसकी वजह से उनकी खबर दब गई और मामला खत्म हो गया। उन्होंने यहां तक कहा कि CJP के प्रदर्शन ने उन्हें बचा लिया। मौलाना के इस तकरीर का वीडियो सोशल मीडिया (Social Media) पर धड़ल्ले से वायरल हो रहा है। उनके भाषण के अलग-अलग हिस्से सोशल मीडिया पर खूब शेयर किए जा रहे हैं।

Vinod Mishra
विनोद मिश्राauthor

दिल्ली से लेकर यूपी की राजधानी लखनऊ में करीब दो दशक से टीवी पत्रकारिता कर रहें है। यूपी की सियासत की नब्ज और ब्यूरोकेसी की समझ है। पत्रकारिता एक पैशन है।

और पढ़ें
End of Article