अगर आप Smart TV पर फिल्में, वेब सीरीज या क्रिकेट मैच देखते हैं, लेकिन उसकी आवाज आपको पसंद नहीं आ रही है, तो जरूरी नहीं कि टीवी के स्पीकर खराब हों। कई बार गलत ऑडियो सेटिंग्स की वजह से साउंड क्वालिटी अच्छी नहीं मिलती। ऐसे में डायलॉग साफ सुनाई नहीं देते और कभी आवाज बहुत धीमी तो कभी अचानक तेज हो जाती है। अच्छी बात यह है कि इसके लिए आपको नया साउंडबार या महंगे स्पीकर खरीदने की जरूरत नहीं है। टीवी की कुछ छोटी-छोटी सेटिंग्स बदलकर आप आवाज को पहले से बेहतर बना सकते हैं। आइए जानते हैं ऐसी 5 आसान सेटिंग्स, जिनसे आपके Smart TV का साउंड एक्सपीरियंस बेहतर हो सकता है।
1. Dialogue Enhancement फीचर करें ऑन
अगर टीवी पर फिल्म देखते समय कलाकारों की आवाज साफ सुनाई नहीं देती, तो सबसे पहले Dialogue Enhancement फीचर चेक करें। इसके लिए टीवी की Settings में जाकर Sound या Audio Settings खोलें। यहां आपको Speech Boost, Clear Voice, Dialogue Enhancement या Speech Clarity जैसे विकल्प मिल सकते हैं। इन्हें ऑन करने से बातचीत और डायलॉग ज्यादा साफ सुनाई दे सकते हैं। कुछ स्मार्ट टीवी में यह फीचर Speech Mode या Clear Voice के नाम से भी मिलता है। आप Movie, Standard और Speech मोड को बदलकर भी देख सकते हैं कि किसमें आवाज बेहतर आती है।
2. Equalizer की सेटिंग में करें बदलाव
टीवी की आवाज को बेहतर बनाने के लिए Equalizer यानी EQ का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसमें Bass, Midrange और Treble जैसे विकल्प मिलते हैं। Bass से आवाज में गहराई आती है, जबकि Midrange इंसानों की आवाज यानी डायलॉग को साफ सुनाने में मदद करता है। अगर टीवी में बातचीत दबे हुए अंदाज में सुनाई देती है, तो Bass थोड़ा कम और Midrange थोड़ा बढ़ाकर देखें। Treble को भी हल्का बढ़ाया जा सकता है। ध्यान रखें कि इन सेटिंग्स में बहुत ज्यादा बदलाव न करें, वरना आवाज पहले से खराब हो सकती है।
3. Surround Sound की जगह Stereo चुनें
कई बार टीवी की आवाज खराब होने की वजह उससे जुड़ा Set-Top Box, Streaming Stick या Gaming Console भी हो सकता है। इन डिवाइस की Audio Settings में Surround Sound या Auto Mode चालू होने पर टीवी के छोटे स्पीकर आवाज को सही तरीके से नहीं संभाल पाते। ऐसे में डायलॉग धीमे सुनाई दे सकते हैं। इसलिए इन डिवाइस की सेटिंग में जाकर Surround Sound की जगह Stereo या PCM Stereo चुनकर देखें।
4. टीवी रखने की जगह भी बदलकर देखें
टीवी के स्पीकर कहां लगे हैं, इसका भी आवाज पर असर पड़ता है। कई स्मार्ट टीवी में स्पीकर पीछे या नीचे की तरफ होते हैं। अगर टीवी किसी बंद कैबिनेट या शेल्फ में रखा है, तो आवाज दब सकती है। ऐसे में टीवी को थोड़ा आगे खिसकाकर देखें। स्पीकर के सामने कोई सामान या रुकावट न रखें।
5. Auto Volume या Night Mode करें ऑन
फिल्म देखते समय कभी डायलॉग धीमे सुनाई देते हैं, तो कभी एक्शन सीन और विज्ञापनों की आवाज अचानक तेज हो जाती है। इससे बचने के लिए Sound Settings में Auto Volume, Volume Leveling या Night Mode का विकल्प ऑन कर सकते हैं। ये फीचर तेज और धीमी आवाज के बीच अंतर कम करने में मदद करते हैं। इससे रात में टीवी देखते समय भी बार-बार वॉल्यूम कम-ज्यादा नहीं करना पड़ेगा।
बिना पैसे खर्च किए बेहतर बनाएं टीवी का साउंड
इन पांच तरीकों को अपनाकर आप अपने Smart TV की आवाज को पहले से बेहतर बना सकते हैं। हालांकि, हर टीवी में ये सभी फीचर मौजूद नहीं होते। अलग-अलग कंपनियों के टीवी में इन सेटिंग्स के नाम भी अलग हो सकते हैं। अगर इन बदलावों के बाद भी डायलॉग समझने में परेशानी हो, तो Closed Captions यानी सबटाइटल का इस्तेमाल कर सकते हैं।
