स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले न्यूजीलैंड को चोट के कारण दो बड़े झटके लगे हैं। मार्क चैपमैन और रचिन रवींद्र टीम से बाहर हो गए हैं। चैपमैन हैमस्ट्रिंग की चोट से उबर रहे हैं, जबकि रवींद्र अभी भी कंधे की समस्या से जूझ रहे हैं। ये दोनों खिलाड़ी भारत के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज में नहीं खेल पाएंगे। न्यूजीलैंड के चयनकर्ताओं ने टीम में बदलाव किए हैं और हेनरी निकोल्स, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट और टिम साइफर्ट को शामिल किया है।
साइफर्ट को इससे पहले केवल चौथे और पांचवें वनडे के लिए चुना गया था, अब पूरी सीरीज के लिए उपलब्ध रहेंगे। निकोल्स पहले तीन मैचों के लिए टीम से जुड़ेंगे, जबकि फॉक्सक्रॉफ्ट आखिरी दो मैचों में टीम का हिस्सा होंगे। निकोल्स ने वेलिंग्टन फायरबर्ड्स के खिलाफ कैंटरबरी के लिए अपने दूसरे मैच में 119 रन बनाए, जिसके बाद उन्हें टीम में जगह मिली। लिस्ट ए क्रिकेट में यह उनका 13वां शतक था। फॉक्सक्रॉफ्ट, इंडिया ए के खिलाफ रेड-बॉल सीरीज पूरी करने के बाद न्यूजीलैंड की टीम से जुड़ेंगे।
पूरी तरह फिट होने के लिए चाहिए समय
मैट फिशर, जिन्हें चौथे और पांचवें वनडे के लिए चुना गया था, वे भी पूरी सीरीज के दौरान एक अतिरिक्त गेंदबाजी विकल्प के रूप में टीम के साथ बने रहेंगे। इस बीच, मैट हेनरी सोमवार को टीम से जुड़ेंगे। मैचों के लिए उनकी उपलब्धता उनकी फिटनेस के आकलन पर निर्भर करेगी।
हाल ही में हुए एमआरआई स्कैन से पता चला है कि चैपमैन को पूरी तरह फिट होने के लिए अभी दो सप्ताह और रिहैबिलिटेशन की जरूरत है। रवींद्र के दाहिने कंधे को भी पूरी तरह से ठीक होने के लिए और समय चाहिए, ताकि वे पूरी क्षमता के साथ मैदान पर उतर सकें। न्यूजीलैंड के मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने कहा कि इन दोनों खिलाड़ियों का बाहर होना निराशाजनक है। न्यूजीलैंड की टीम पहले वनडे से पहले सोमवार को ऑकलैंड में इकट्ठा होगी।पहला वनडे बुधवार को ईडन पार्क में खेला जाएगा।
भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए न्यूजीलैंड की अपडेटेड टीम:-
वनडे 1-3: मिशेल सेंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, टॉम लैथम (विकेटकीपर), डेरिल मिशेल, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स, टिम सीफर्ट, नाथन स्मिथ, विल यंग, ब्लेयर टिकनर।
वनडे 4 और 5: मिशेल सेंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, लॉकी फर्ग्यूसन, मिच हे (विकेटकीपर), निक केली, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), ब्लेयर टिकनर, विल यंग।
