दुनिया

अमेरिका में हैलोवीन वीकेंड पर ताबड़तोड़ गोलीबारी, अलग-अलग शहरों में 6 लोगों की मौत

अमेरिका में हैलोवीन वीकेंड के दौरान गोलीबारी की कई घटनाओं में कम से कम छह लोगों की मौत हुई और दर्जनों घायल हो गए। डलास के डीप एलम इलाके में तीन गोलीबारी में चार लोगों की जान गई और 15 घायल हुए।

Image

अमेरिका में हैलोवीन वीकेंड पर गोलीबारी की कई घटनाएं

Photo : AP

US Mass Shootings: अमेरिका में हैलोवीन वीकेंड के दौरान गोलीबारी की कई घटनाएं सामने आई हैं। जिनमें कम से कम छह लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग घायल हुए हैं। ये घटनाएं देश के अलग-अलग शहरों के नाइटलाइफ इलाकों, कॉलेज परिसरों और व्यस्त सार्वजनिक स्थानों के आसपास हुईं। सबसे घातक घटनाएं टेक्सास के डलास में सामने आईं, जहां तीन अलग-अलग गोलीबारी में चार लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए।

डलास के डीप एलम इलाके में तीन बार फायरिंग

डलास के डीप एलम इलाके में शनिवार रात करीब एक घंटे 15 मिनट के भीतर गोलीबारी की तीन घटनाएं हुईं। यह इलाका संगीत, रेस्तरां और नाइटलाइफ का बड़ा केंद्र माना जाता है। पुलिस प्रमुख डेनियल कोमो ने बताया कि पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि तीनों घटनाओं का आपस में कोई संबंध था या नहीं। फिलहाल गोलीबारी की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस के मुताबिक, कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है, लेकिन उनकी संख्या और उन पर लगाए गए आरोपों की जानकारी नहीं दी गई। गोलीबारी से पहले इलाके में पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई थी। घटना में कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ।

अलबामा में फुटबॉल मैच के बाद गोलीबारी

अलबामा के बर्मिंघम में शनिवार रात लेजियन फील्ड के बाहर दो अलग-अलग गोलीबारी की घटनाएं हुईं। जिनमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और आठ लोग घायल हुए। यह घटनाएं वार्षिक 'मैजिक सिटी क्लासिक' फुटबॉल मैच के बाद हुईं। मेयर रैंडल वुडफिन ने रविवार को इसकी जानकारी दी। अग्निशमन अधिकारियों के अनुसार, घायलों में से दो की हालत गंभीर थी। पुलिस प्रमुख माइकल पिकेट ने बताया कि पहली गोलीबारी ग्रेमोंट एवेन्यू के पास हुई, जहां दुकानदारों ने अपने स्टॉल लगाए थे। पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है और कई हथियार बरामद किए हैं।

कॉलेज परिसरों के आसपास भी फायरिंग

डेलावेयर के नेवार्क में यूनिवर्सिटी ऑफ डेलावेयर के पास शनिवार देर रात गोलीबारी में छह लोग घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद मेन स्ट्रीट के एक हिस्से को कई घंटों तक बंद रखा गया। इलिनॉय के ब्लूमिंगटन में रविवार तड़के हुई गोलीबारी में 19 वर्षीय महिला की मौत हो गई। एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हुई, जबकि छह लोगों को ऐसी चोटें आईं जो जानलेवा नहीं थीं। यह घटना इलिनॉय वेस्लीयन यूनिवर्सिटी के परिसर के पास हुई।

अर्कांसस के फेयेटविल में यूनिवर्सिटी ऑफ अर्कांसस के नजदीक रविवार तड़के गोलीबारी में छह लोगों को अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि फायरिंग से पहले कुछ लोगों के बीच विवाद हुआ था। इस मामले में अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

हैलोवीन स्टोर में भी हुईं दो वारदातें

शुक्रवार को कैलिफोर्निया और मिशिगन के स्पिरिट हैलोवीन स्टोर में हुई अलग-अलग गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई। कैलिफोर्निया के फेयरफील्ड स्थित स्टोर में हुई फायरिंग को पुलिस ने लक्षित हमला बताया। इसमें 31 वर्षीय महिला की मौत हो गई और छह अन्य लोग घायल हुए। इस मामले में तत्काल कोई गिरफ्तारी नहीं हुई। वहीं, मिशिगन के मैडिसन हाइट्स में शुक्रवार दोपहर 21 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। इस दौरान कुछ लोगों ने उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसे चोटें आईं और अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article