कई बार कुछ सच्ची घटनाएं ऐसी होती हैं, जो सुनने और देखने में किसी फिल्मी कहानी की तरह लगती हैं। हाल में एक ऐसी ही घटना ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया। जिसकी कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है। दरअसल, यहां पर एक साथ सात कुत्तों की चोरी हो गई। जिसके बाद मौका देखते ही वे सभी कुत्ते ट्रक से भाग निकले और 17 किलोमीटर तक पैदल चलकर अपने घर लौटे। घर लौटते कुत्तों का वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। वीडियो को सोशल मीडिया पर कई लोगों ने शेयर किया है। हमने इस वीडियो को सोशल साइट एक्स पर पोस्ट किए गए @TheFigen_ नाम के अकाउंट से लिया है।
चोरी हुए कुत्ते, मौका मिलते ही कैद से भाग निकले
इस वीडियो के कैप्शन में बताया गया है कि ये घटना चीन के जीलिन प्रांत के चांगचुन इलाके की है, जहां कुत्तों का मीट बेचने वाले व्यापारियों ने एक साथ 7 कुत्तों की चोरी कर ली। ऐसे में उन डरे-सहमे कुत्तों को उनका एक लीडर मिला, जो कि उस झुंड में सबसे छोटा था। इस कुत्ते का नाम कॉर्गी था। उसने दूसरे कुत्तों को हिम्मत दी और कैद से आजाद होने के लिए एक प्लान बनाया। मौका मिलते ही कॉर्गी अपने अन्य साथियों के साथ ट्रक की कैद से निकलकर फरार हो गया और वे सभी कुत्ते कॉर्गी के नेतृत्व में 17 किलोमीटर पैदल चलकर वापस अपने घर लौटे।
बहादुर छोटे कुत्ते के नेतृत्व में चले किडनैप हुए अन्य कुत्ते
वीडियो में देखा जा सकता है कि कुत्तों का पूरा झुंड उस बहादुर छोटे से कुत्ते Corgi के नेतृत्व में पीछे-पीछे हाईवे पर चल रहे हैं। छोटा कुत्ता कॉर्गी बार-बार पीछे मुड़कर यह देख रहा है कि उसका कोई साथी पीछे तो नहीं छूट गया। जबकि बाकी कुत्ते एक घायल जर्मन शेफर्ड को बीच में घेरकर उसे सुरक्षित रखे हुए हैं और उसे साथ लेकर पैदल चल रहे हैं। व्यस्त सड़कों, खेतों और अनजान रास्तों को पार करते हुए उन कुत्तों ने दो दिनों में यह सफर पूरा किया और आखिरकार अपने घर पहुंचने में कामयाब रहे।
लोकल व्यक्ति ने कुत्तों को हाईवे पर एक साथ चलते देखा
16 मार्च को एक लोकल आदमी ने व्यस्त हाईवे पर इन कुत्तों को एक साथ चलते देखा और उनका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो के साथ कुत्तों की यह कहानी भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। वीडियो को देखने के बाद इस पर कई लोगों की प्रतिक्रिया भी आई है। जहां कई लोगों ने कुत्तों के इस कहानी पर फिल्म बनाने की सलाह दे डाली। कुछ लोगों ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा कि Disney वालों को फोन करो, फिल्म की कहानी पहले से ही लिखी जा चुकी है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
