शहर

Bharatpur News: खूनी संघर्ष के बाद पूर्व विधायक अतर सिंह की हत्या, जमीन और रास्ते के विवाद ने लिया हिंसक रूप

भरतपुर में रास्ते के विवाद को लेकर हुए संघर्ष में पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की हत्या हो गई। वैर थाना क्षेत्र में ग्रामीणों और पूर्व विधायक के समर्थकों के बीच झड़प के दौरान वह गंभीर घायल हुए थे।

Image

पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की हत्या (File Photo)

Photo : Times Now Digital

Bharatpur Murder Case: राजस्थान के भरतपुर जिले में पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की रविवार शाम को बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह घटना वैर थाना क्षेत्र के भौंड़ा गांव में क्रेशर खनन लीज, रास्ते और प्लांट के संचालन को लेकर चल रहे पुराने विवाद के दौरान हुई। रविवार को इसी बात को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर लाठी-पत्थरों से हमला हुआ। जिसमें पूर्व विधायक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया। जहां उनकी रात करीब साढ़े 11 बजे मौत हो गई।

क्रेशर प्लांट पर मौजूद थे पूर्व विधायक

जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम करीब 6:30 बजे अतर सिंह भड़ाना अपनी पत्नी कमलेश भड़ाना की खनन लीज से जुड़े क्रेशर प्लांट पर पहुंचे थे। इसी दौरान ग्रामीणों और भड़ाना पक्ष के लोगों के बीच विवाद हो गया। अतर सिंह की पत्नी ने आरोप लगाया कि उनकी लीज का कनेक्शन काट दिया गया था और वाटर पंप भी खराब कर दिया गया था। उनका कहना है कि लीज पर आने वाले लोगों को भी वहां से भगा दिया जाता था। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में पुलिस और प्रशासन को लगातार सूचना दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। कमलेश के मुताबिक, रविवार शाम 6:30 से 7 बजे के बीच 70 से 80 लोगों ने उनके पति और अन्य लोगों पर हमला किया। उन्होंने अतर सिंह को गोली लगने का भी दावा किया। घटना के समय क्रेशर प्लांट पर करीब 20 से 25 कर्मचारी मौजूद थे।

चार साल से चल रहा था विवाद

थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह के अनुसार, क्रेशर संचालन को लेकर ग्रामीणों और संचालक पक्ष के बीच लगभग चार सालों से विवाद चल रहा था। ग्रामीणों का आरोप था कि अतर सिंह ने चारागाह भूमि पर अतिक्रमण कर अवैध खनन किया। खान तक जाने वाले रास्ते को लेकर भी उनके बीच विवाद था। पुलिस के मुताबिक, ग्रामीण करीब दो साल से रुक-रुककर इस मुद्दे पर धरना-प्रदर्शन कर रहे थे। पिछले एक साल से क्रेशर बंद था और अतर सिंह उसे दोबारा चालू कराने का प्रयास कर रहे थे। इसी सिलसिले में वह रविवार को प्लांट पर पहुंचे थे।

धरना स्थल से हटाने को लेकर भी आरोप

ग्रामीणों के अनुसार, खान तक जाने का रास्ता न होने के कारण पिछले 10 से 15 दिनों से शांतिपूर्ण धरना दिया जा रहा था। उनके आरोप के मुताबिक, रविवार शाम भड़ाना पक्ष के 40 से 50 लोग वहां पहुंचे और ग्रामीणों को धरना स्थल से हटा दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ा और लाठी-पत्थर चलने लगे। इसी दौरान अतर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि, घटना को लेकर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला करने के आरोप लगाए हैं।

वैर अस्पताल से जयपुर किया गया था रेफर

गंभीर रूप से घायल अतर सिंह भड़ाना और गगन शर्मा को पहले वैर उप जिला अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद अतर सिंह को जयपुर और गगन शर्मा को भरतपुर रेफर किया गया गया। डॉक्टर रवि ने प्रारंभिक जांच के आधार पर गोली लगने की घटना से इनकार किया। जयपुर के SMS अस्पताल में रात करीब 11:30 बजे अतर सिंह भड़ाना की मौत हो गई। SMS थानाधिकारी जितेंद्र कुमार ने उनकी मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया गया है।

पुलिस जुटा रही फायरिंग की जानकारी

थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में मामला दर्ज नहीं कराया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय थाने के साथ भरतपुर से भी पुलिस टीम मौके पर पहुंचा। पुलिस फायरिंग और अन्य पहलुओं को लेकर पुलिस बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दे रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article