Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में आज शाम एक बड़ा हादसा हो गया। साहिबाबाद थाना क्षेत्र के शहीद नगर इलाके में एक निर्माणाधीन मकान का लेंटर अचानक भरभराकर गिर गया। लेंटर गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और काम कर रहे कई मजदूरों और लोगों के मलबे के नीचे दब गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, अग्निशमन दल और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
सभी को बाहर निकाला गया
घटनास्थल पर मौजूद राहत टीमों ने तत्परता दिखाते हुए सभी लोगों को मलबे से बाहर निकाल लिया है। घायल अवस्था में बाहर निकाले गए लोगों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। डीसीपी ट्रांस हिंडन जोन गाजियाबाद, ऋजुल कुमार कहना है कि यहां एक गोदाम का निर्माण चल रहा था, जिसकी सेटरिंग गिरने के चलते कच्चा लेंटर भरभरा कर गिर गया। इसमें एक महिला और बच्चे समेत 4 लोग अंदर थे और 6 लोग बाहर थे सभी को बाहर निकाल लिया गया है। एहतियात के तौर पर अभी सारा लेंटर चेक किया जा रहा है। डीसीपी के मुताबिक हादसे की जांच की जाएगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- पंजाब की सभी विधानसभा सीटों के लिए अंतिम मतदाता सूची जारी, 7.97 लाख नए मतदाता जुड़े, 13.60 लाख वोट हटे
NDRF और SDRF की टीमें भी बुलाई गईं
हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने तत्काल NDRF और SDRF की विशेष रेस्क्यू टीमों को सूचना दे दी थी। जो मौके पर पहुंचकर मलबे को हटाने और बचाव अभियान को गति देने में जुट गई हैं। स्थानीय लोगों का भी काफी सहयोग इसमें रहा, पुलिसकर्मियों की मदद से राहत कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। मलबे को हटाने के लिए JCB और अन्य आवश्यक उपकरणों की मदद ली जा रही है।
