शहर

दिल्ली के व्यापारियों का बड़ा फैसला, प्रदर्शनों के दौरान अब बंद नहीं होंगे बाजार, पुलिस कमिश्नर से मांगी सुरक्षा

दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान बाजार बंद कराने के विरोध में चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर सुरक्षा की मांग की है। संगठन का कहना है कि दिवाली तक व्यापारी दुकानें खुली रखेंगे और कारोबार बंद नहीं करेंगे।

Image

दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान भी खुलेंगी दुकानें (सांकेतिक फोटो | Canva)

दिल्ली में चल रहे धरने-प्रदर्शनों के दौरान बाजार और दुकानें बंद कराए जाने से परेशान व्यापारियों ने अब कड़ा रुख अपना लिया है। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने ऐलान किया है कि अब दिल्ली के व्यापारी प्रदर्शनों के दौरान अपनी दुकानें बंद नहीं करेंगे। इस संबंध में CTI ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर बाजारों और दुकानदारों को सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि त्योहारों के सीजन में व्यापारी अपना कारोबार प्रभावित नहीं होने देना चाहते और दिवाली तक प्रदर्शन के कारण बाजार बंद नहीं किए जाएंगे।

10 अक्टूबर को 2,000 करोड़ रुपये के नुकसान का दावा

CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल के मुताबिक, 10 अक्टूबर को हुए प्रदर्शनों के दौरान कुछ बाजारों और दुकानों को बंद कराने के लिए स्थानीय प्रशासन की ओर से व्यापारियों को हिदायत दी गई थी। संगठन का आरोप है कि कई जगहों पर पुलिस और प्रशासन के दबाव के कारण दुकानदारों को अपनी दुकानें बंद करने पड़ी। CTI ने दावा किया है कि बाजार बंद रहने से दिल्ली के व्यापार को लगभग 2,000 करोड़ रुपये का भारी नुकसान हुआ। संगठन ने कहा कि त्योहारों के दौरान कारोबार के लिए यह समय बेहद अहम है, इसलिए व्यापारियों को दुकानें खोलने से नहीं रोका जाना चाहिए।

पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर रखीं तीन मांगें

CTI ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को भेजे पत्र में तीन प्रमुख मांगें की हैं। साथ ही पुलिस से अपील की है कि बाजारों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करे जाए, ताकि प्रदर्शन के दौरान भी कारोबार प्रभावित न हो। ये तीन मांगें हैं:

  • स्थानीय प्रशासन व्यापारियों और दुकानदारों पर बाजार बंद करने का दबाव न डाले।
  • दिल्ली पुलिस सभी बाजारों और दुकानदारों की सुरक्षा सुनिश्चित करे।
  • व्यापारी बिना किसी भय या बाधा के दुकानें खोल सकें और अपना कारोबार जारी रख सकें।
cti.

दिल्ली पुलिस कमिश्नर को CTI का पत्र, बाजारों की सुरक्षा की मांग

नवरात्रि से दिवाली तक कारोबार पर रहेगा जोर

CTI महासचिव रमेश आहूजा और उपाध्यक्ष राहुल अदलखा ने कहा कि दिल्ली में नवरात्रि और रामलीलाओं के साथ त्योहारों का सीजन शुरू हो चुका है। दिवाली तक का समय व्यापारियों के लिए साल भर की कमाई का सबसे अहम हिस्सा होता है। उन्होंने कहा कि 10 अक्टूबर को प्रशासन के कहने पर बाजार बंद किए गए थे, लेकिन अब व्यापारी दुकानें बंद नहीं करेंगे। उनका कहना है कि बाजारों को सुरक्षा प्रदान करने की जिम्मेदारी दिल्ली पुलिस की है।

कानून-व्यवस्था में सहयोग करेंगे व्यापारी

CTI ने स्पष्ट किया कि व्यापारी कानून-व्यवस्था बनाए रखने में दिल्ली पुलिस का पूरा सहयोग करने के लिए तैयार हैं। हालांकि, संगठन ने कहा कि दिवाली तक किसी भी धरने या प्रदर्शन के कारण बाजार बंद नहीं किए जाएंगे। CTI ने पुलिस से व्यापारिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की अपील की है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!