यात्रा

IRCTC Char Dham Yatra Package: 12 दिन में करें चारधाम के दर्शन, जानें पूरा रूट और पैकेज में शामिल सुविधाएं

IRCTC Char Dham Yatra Package: दिल्ली से चारधाम यात्रा की योजना बना रहे हैं तो IRCTC का एक पैकेज शानदार विकल्प हो सकता है। इस पैकेज के साथ आप उत्तराखंड के चारधामों के दर्शन कर सकते हैं।

Image

IRCTC का चारधाम यात्रा पैकेज (Photo - Pinterest)

IRCTC Char Dham Yatra Package: उत्तराखंड की पहाड़ियां, घुमावदार सड़कें, कल-कल बहती नदियां और हिमालय की गोद में बसे चार पवित्र धाम- यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ। अगर आप इस आध्यात्मिक यात्रा को सड़क मार्ग से पूरा करने की योजना बना रहे हैं, तो दिल्ली से शुरू होने वाला IRCTC चारधाम यात्रा पैकेज (NDH24) एक ऐसा विकल्प है, जिसमें तीर्थ दर्शन के साथ उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों को करीब से देखने का अवसर मिलता है। आगे विस्तार से जानें इस पैकेज (IRCTC Tour Package) से जुड़ी सभी डिटेल्स...

11 रातें और 12 दिन का सफर

यह पैकेज 11 रातें और 12 दिन का है और इसकी शुरुआत दिल्ली से होती है। पूरी यात्रा सड़क मार्ग से बस या टेंपो ट्रैवलर के जरिए कराई जाती है। कम्फर्ट कैटेगरी वाले इस पैकेज में प्रत्येक प्रस्थान पर अधिकतम 20 यात्री शामिल होते हैं। यानी बड़े समूह की बजाय सीमित यात्रियों के साथ पहाड़ी सफर का अनुभव मिलता है। यात्रा दिल्ली से शुरू होकर हरिद्वार, बारकोट, उत्तरकाशी, गुप्तकाशी/सोनप्रयाग, बद्रीनाथ और रुद्रप्रयाग होते हुए दोबारा हरिद्वार के रास्ते दिल्ली लौटती है।

कब और कहां से शुरू होगी यात्रा

इस पैकेज में शामिल यात्रा का आगामी सफर 1 अक्टूबर से शुरु होगा। वही चारधाम यात्रा में पहला पड़ाव यमुनोत्री धाम होता है। बारकोट से जानकीचट्टी तक पहुंचने के बाद यहां से यमुनोत्री के लिए पैदल यात्रा या पालकी का विकल्प रहता है। पहाड़ों के बीच आगे बढ़ते हुए मंदिर तक पहुंचना अपने आप में इस यात्रा का खास अनुभव है। इसके बाद सफर उत्तरकाशी की ओर बढ़ता है, जहां से गंगोत्री धाम के दर्शन किए जाते हैं। भागीरथी नदी के किनारे बसे इस क्षेत्र में हिमालयी वातावरण और धार्मिक आस्था का अनूठा मेल देखने को मिलता है।

यात्रा का सबसे खास पड़ाव

चारधाम यात्रा का सबसे चुनौतीपूर्ण और भावनात्मक पड़ाव केदारनाथ धाम माना जाता है। गुप्तकाशी या सोनप्रयाग से आगे बढ़ते हुए गौरीकुंड पहुंचकर बाबा केदारनाथ के लिए ट्रेक करना होता है। पहाड़ों के बीच यह यात्रा शारीरिक मेहनत के साथ आध्यात्मिक अनुभव भी देती है। केदारनाथ के दर्शन के बाद यात्रा बद्रीनाथ की ओर आगे बढ़ती है।

बद्रीनाथ और माणा गांव का अनुभव

यात्रा का अंतिम प्रमुख धाम बद्रीनाथ है, जो भगवान विष्णु को समर्पित प्रमुख तीर्थस्थलों में शामिल है। यहां दर्शन के साथ आसपास के हिमालयी क्षेत्र को देखने का अवसर मिलता है। पैकेज में माणा गांव का भ्रमण भी शामिल है, जिसे भारत-तिब्बत सीमा के निकट स्थित प्रसिद्ध गांव के रूप में जाना जाता है।

पैकेज की कीमत और सुविधाएं

इस पैकेज की शुरुआती कीमत 57,000 रुपए प्रति व्यक्ति है। ट्रिपल ऑक्यूपेंसी में 57,000 रुपए, डबल ऑक्यूपेंसी में 62,000 रुपए और सिंगल ऑक्यूपेंसी में 75,000 रुपए प्रति व्यक्ति किराया है। 5 से 11 वर्ष के बच्चे के लिए एक्स्ट्रा बेड के साथ 30,000 रुपए और बिना बेड के 20,000 रुपए शुल्क है। पैकेज में दिल्ली से पूरी यात्रा का रोड ट्रांसपोर्ट, होटल या गेस्ट हाउस में ठहरने की व्यवस्था, शाकाहारी नाश्ता और रात का भोजन तथा यात्रा के दौरान ट्रैवल इंश्योरेंस शामिल है।

आस्था के साथ नेचर का सफर

चारधाम यात्रा सिर्फ मंदिरों के दर्शन तक सीमित नहीं रहती। दिल्ली से निकलकर हरिद्वार की धार्मिक गलियों, उत्तराखंड की घुमावदार सड़कों, नदियों की आवाज, ऊंचे पहाड़ों और छोटे-छोटे पहाड़ी कस्बों से गुजरते हुए यह सफर यात्रियों को हिमालय के अलग-अलग रंगों से परिचित कराता है। यही वजह है कि 12 दिनों का यह सफर धार्मिक आस्था के साथ एक यादगार रोड ट्रिप का अनुभव भी बन सकता है।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article