सेंचुरियन: मेजबान दक्षिण अफ्रीका ने बांग्लादेश के खिलाफ सोमवार से सेंचुरियन में खेले जाने वाले सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच के लिए अपनी प्लेइंग-11 का ऐलान कर दिया है। चोटिल कप्तान टेम्बा बावूमा की जगह प्लेइंग-11 में टोनी डी जोरजी को शामिल किया गया है। बावुमा की गैरमौजूदगी में एडेन मार्करम टीम की कमान संभालेंगे। बावुमा को पहले टेस्ट में बल्लेबाजी के दौरान दाहिनी पिंडली (calf) में चोट लगी थी। इस चोट की वजह से वो दूसरे टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं। दक्षिण अफ्रीका का प्लेइंग-11 में तेज गेंदबाज डेन पैटरसन की जगह एनरिक नॉर्थिया की वापसी हुई है। उनके आने से दक्षिण अफ्रीकी पेस अटैक और मजबूत हुआ है।
टोनी डी जोरजी का ऐसा रहा है टेस्ट करियर
बावुमा की जगह प्लेइंग-11 में शामिल किए गए बांए हाथ के बल्लेबाज डी जोरजी ने अबतक 17 टेस्ट खेले हैं जिसकी 30 पारियों में उन्होंने 919 रन बनाए हैं। जिसमें 2 शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं। इस साल खेले 6 टेस्ट की 11 पारी में उन्होंने 31.90 के औसत से 319 रन बनाए हैं। इसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है। जोरजी के प्लेइंग-11 में शामिल होने से बल्लेबाजी क्रम को मजबूती मिलेगी।
सीरीज में 1-0 से आगे चल रहा है दक्षिण अफ्रीका
जोहान्सबर्ग में खेले गए सीरीज के पहले टेस्ट के पांचवें और आखिरी दिन शानदार जीत दर्ज करने के बाद मेजबान दक्षिण अफ्रीका फिलहाल टेस्ट सीरीज में 1-0 से आगे चल रहा है। दक्षिण अफ्रीकी टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में फिलहाल टॉप पर है जबकि बांग्लादेश की टीम पांचवें स्थान पर है।
बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए दक्षिण अफ्रीका की प्लेइंग-11:
एडेन मार्करम (कप्तान), मार्कस एकरमैन, जुबैर हमज़ा, टोनी डी ज़ोरज़ी, मैथ्यू ब्रीट्ज़के, रेयान रिकेल्टन, वियान मुल्डर, मार्को यानसेन, साइमन हार्मर, कगिसो रबाडा, एनरिक नॉर्खिया।
