यात्रा

गुजरात में कहां घूमने पहुंचे दिलजीत दोसांझ? जानें क्यों खास है ये जगह, जहां हैं हजारों सीढ़ियां और प्राचीन मंदिर

गुजरात घूमने जा रहे हैं तो गिरनार पर्वत को अपनी लिस्ट में जरूर शामिल करें। दिलजीत दोसांझ भी यहां दर्शन करने पहुंचे थे। जानिए इस जगह की खासियत।

Image

दिलजीत दोसांझ की धार्मिक यात्रा (फोटो: AI)

गुजरात घूमने का प्लान बनाते समय ज्यादातर लोगों के दिमाग में सोमनाथ, द्वारका और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी जैसी जगहें आती हैं। लेकिन यहां एक ऐसी जगह भी है, जहां धर्म, इतिहास और रोमांच तीनों का अनुभव एक साथ मिलता है। हम बात कर रहे हैं जूनागढ़ के पास स्थित गिरनार पर्वत की। हाल ही में पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ (Diljit Dosanjh) भी यहां दर्शन करने पहुंचे थे। उनकी यात्रा का वीडियो सामने आने के बाद यह जगह एक बार फिर चर्चा में है। आइए जानते हैं गिरनार पर्वत की खासियत और यहां घूमने से जुड़ी जरूरी बातें।

कहां स्थित है गिरनार पर्वत?

गिरनार पर्वत गुजरात के जूनागढ़ शहर के पास स्थित है। यह राज्य के प्रमुख धार्मिक स्थलों में गिना जाता है। इसकी खास बात यह है कि यहां हिंदू और जैन दोनों धर्मों के कई प्राचीन मंदिर मौजूद हैं। पहाड़ की ऊंची चोटियां, चारों तरफ फैली हरियाली और पत्थरों से बने रास्ते इस जगह को बेहद खूबसूरत बनाते हैं। गिरनार को सिर्फ धार्मिक नजरिए से ही नहीं देखा जाता, बल्कि यह प्रकृति और ट्रेकिंग पसंद करने वाले लोगों के बीच भी काफी लोकप्रिय है। यहां पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को पहाड़ पर लंबी चढ़ाई करनी पड़ती है। यही वजह है कि इस यात्रा को आस्था के साथ-साथ शारीरिक क्षमता की परीक्षा भी माना जाता है।

गिरनार पर्वत पर कौन-कौन से मंदिर हैं?

गिरनार की पहाड़ियों पर कई प्रसिद्ध मंदिर बने हुए हैं। इनमें अंबाजी माता मंदिर प्रमुख है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन करने पहुंचते हैं। दिलजीत दोसांझ भी अपनी गुजरात यात्रा के दौरान अंबाजी माता के मंदिर पहुंचे और दर्शन किए। इसके अलावा यहां भगवान नेमिनाथ को समर्पित प्राचीन जैन मंदिर भी है। भगवान नेमिनाथ जैन धर्म के 22वें तीर्थंकर हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार, उन्होंने इसी पर्वत पर मोक्ष प्राप्त किया था। गिरनार पर गुरु दत्तात्रेय मंदिर, गोरखनाथ मंदिर और कालिका मंदिर भी स्थित हैं। इन मंदिरों का अपना धार्मिक महत्व है। अलग-अलग चोटियों पर बने इन मंदिरों तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को काफी पैदल चलना पड़ता है।

क्या सच में चढ़नी पड़ती हैं 10 हजार सीढ़ियां?

गिरनार पर्वत की यात्रा की सबसे चर्चित बात यहां की हजारों सीढ़ियां हैं। पहाड़ पर स्थित ऊंचे धार्मिक स्थलों तक पहुंचने के लिए करीब 10 हजार सीढ़ियां चढ़नी पड़ सकती हैं। हालांकि, यह आंकड़ा पूरी पारंपरिक पैदल यात्रा और ऊंचे मंदिरों तक पहुंचने से जुड़ा है। हर मंदिर के दर्शन के लिए इतनी सीढ़ियां चढ़ना जरूरी नहीं है।

दिलजीत दोसांझ की यात्रा को लेकर भी यह बात समझना जरूरी है कि उन्होंने 10 हजार सीढ़ियां चढ़कर मंदिर के दर्शन नहीं किए थे। उन्होंने रोपवे की मदद से ऊपर तक यात्रा की थी। सामने आए वीडियो में उन्होंने बताया कि उनकी इच्छा सीढ़ियों से चढ़कर ऊपर पहुंचने की थी। इस तरह उनकी यात्रा में रोपवे का इस्तेमाल हुआ, जबकि गिरनार की पारंपरिक पैदल चढ़ाई हजारों सीढ़ियों वाली है।

गिरनार घूमने का सही समय क्या है?

अगर आप गिरनार घूमने की योजना बना रहे हैं, तो नवंबर से फरवरी के बीच का समय अच्छा रहेगा। इन महीनों में गुजरात का मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहता है। ऐसे में पहाड़ी रास्तों पर चढ़ाई करना भी थोड़ा आसान हो जाता है।

अगर आप पैदल यात्रा करना चाहते हैं, तो सुबह जल्दी शुरुआत करें। अपने साथ पानी, आरामदायक जूते और जरूरत का सामान जरूर रखें। बुजुर्गों और ऐसे लोगों को, जिन्हें लंबी चढ़ाई करने में परेशानी होती है, रोपवे का विकल्प चुनना चाहिए।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article