भारत के नाम दुनिया का बड़ा ट्रैवल खिताब, इस मैगजीन ने चुना 2027 के लिए डेस्टिनेशन ऑफ द ईयर

Travel + Leisure ने भारत को 2027 के लिए Destination of the Year चुना है। जानिए उदयपुर, लक्षद्वीप, मध्य प्रदेश, नागालैंड और पुरानी दिल्ली की खासियतें, जिन्होंने दुनिया का ध्यान खींचा।

google

दुनिया घूमने का शौक रखने वालों के लिए भारत हमेशा से खास रहा है। यहां कहीं बर्फ से ढके पहाड़ हैं तो कहीं नीले समंदर का किनारा। कहीं सदियों पुराने किले और महल हैं तो कहीं घने जंगलों में बाघों की दहाड़ सुनाई देती है। खानपान, पहनावे, भाषाओं और परंपराओं की यह विविधता अब अंतरराष्ट्रीय पर्यटन जगत का भी ध्यान खींच रही है। अमेरिकी ट्रैवल मैगजीन Travel + Leisure ने भारत को साल 2027 के लिए 'Destination of the Year' चुना है। नवंबर 2026 में मैगजीन की एडिटर-इन-चीफ जैकी गिफर्ड ने अपने संपादकीय के जरिए इसकी घोषणा की।

tourism map
  1. कहीं शाही महल, कहीं नीला समंदर, भारत बना 2027 का ट्रैवल हॉटस्पॉट (AI Image)

यह पहचान भारत के लिए इसलिए भी खास है, क्योंकि मैगजीन ने देश को केवल ऐतिहासिक इमारतों या मशहूर पर्यटन स्थलों तक सीमित करके नहीं देखा। यहां की संस्कृति, वन्यजीव, खानपान, स्थानीय जीवन और लग्जरी हॉस्पिटैलिटी को भी अपनी खास जगह दी है। मैगजीन के मुताबिक, भारत ऐसा देश है जहां हर यात्रा के साथ कुछ नया देखने और समझने का मौका मिलता है।

महलों से लेकर समंदर तक, इन जगहों पर टिकी दुनिया की नजर

भारत के अलग-अलग हिस्सों को इस विशेष कवरेज में जगह मिली है। राजस्थान का उदयपुर अपनी खूबसूरत झीलों, शाही महलों और आलीशान होटल के लिए जाना जाता है। यहां की पिछोला झील और सिटी पैलेस पर्यटकों को एक अलग ही अनुभव देते हैं। इसे अक्सर 'पूर्व का वेनिस' भी कहा जाता है।

वहीं, लक्षद्वीप उन लोगों के लिए खास है जो भीड़भाड़ से दूर नीले समंदर, कोरल रीफ और शांत द्वीपों के बीच छुट्टियां बिताना चाहते हैं। हालांकि, यहां के कई द्वीपों पर जाने के लिए प्रशासन की अनुमति जरूरी होती है।

मध्य प्रदेश को वन्यजीव पर्यटन और ऐतिहासिक धरोहरों के लिए खास जगह मिली है। पन्ना नेशनल पार्क में बाघों को उनके प्राकृतिक आवास में देखना अपने आप में यादगार अनुभव है। दूसरी ओर, नागालैंड का हॉर्नबिल फेस्टिवल देश की जनजातीय संस्कृति, लोक संगीत, पारंपरिक पहनावे और खानपान को करीब से जानने का अवसर देता है।

पुरानी दिल्ली भी इस सूची का अहम हिस्सा है। चांदनी चौक की गलियां, पुराने बाजार, मुगलकालीन इमारतें और चटपटे स्ट्रीट फूड का स्वाद इसे विदेशी पर्यटकों के लिए खास बनाते हैं।

हर साल चुनी जाती है एक खास डेस्टिनेशन

Travel + Leisure साल 2014 से हर वर्ष 'Destination of the Year' का संपादकीय चयन करती आ रही है। इससे पहले 2026 में ब्राजील, 2025 में थाईलैंड और 2024 में कोस्टा रिका को यह पहचान मिली थी।

हालांकि, यह कोई सरकारी या अंतरराष्ट्रीय पर्यटन पुरस्कार नहीं है, बल्कि मैगजीन की ओर से किया जाने वाला सालाना संपादकीय चयन है। इसके बावजूद अंतरराष्ट्रीय ट्रैवल इंडस्ट्री में इसकी अच्छी पहचान है। भारत के लिए यह मौका दुनिया को अपनी उन खूबसूरत जगहों से परिचित कराने का है, जो अब तक कई विदेशी यात्रियों की नजरों से दूर रही हैं।

End of Article
Medha Chawla
मेधा चावलाauthor

मेधा चावला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन की लीड हैं। लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 20 वर्षों का अनुभव रखने वाली मेधा की विशेषज्ञता हेल्थ, वेलनेस, फिटनेस, मेंटल हेल्थ, डेली लाइफ इम्प्रूवमेंट, ह्यूमन-इंटरेस्ट फीचर्स और रिसर्च-बेस्ड स्टोरीज तक फैली है। उनकी लेखन शैली पाठकों को जटिल स्वास्थ्य और जीवनशैली संबंधी विषयों को आसान, समझने योग्य और व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करती है, जिससे उनका कंटेंट व्यापक पाठक समूह से जुड़ता है। अबतक 30,000 से अधिक कंटेंट पीस लिख चुकी मेधा की कई एक्सक्लूसिव स्टोरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड सेट कर चुकी हैं।

और पढ़ें
End of Feed