देश

भारत दौरे पर नीदरलैंड के विदेश मंत्री बेरेंडसन, रक्षा और ग्रीन एनर्जी में सहयोग बढ़ाने पर जयशंकर संग हुई चर्चा

नई दिल्ली में भारत-नीदरलैंड के बीच पहली विदेश मंत्रियों की बैठक आयोजित हुई। इसकी सह-अध्यक्षता जयशंकर और टॉम बेरेंडसन ने की। इस दौरान दोनों नेताओं ने रणनीतिक साझेदारी के तहत अब तक हुई प्रगति की समीक्षा की और भविष्य में सहयोग के नए रास्तों पर चर्चा की।

Image

नीदरलैंड के विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसन और एस जयशंकर।

नीदरलैंड के विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसन इस समय भारत दौरे पर हैं। भारत दौर पर उन्होंने यहां भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात की। साथ ही प्रतिनिधिमंडलस्तर की बैठक में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बातचीत में रक्षा,टेक्नोलॉजी,सेमीकंडक्टर और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने भारत और यूरोपीय संघ (EU) के बीच मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को जल्द लागू करने की उम्मीद भी जताई।

रणनीतिक साझेदारी के नए क्षेत्रों पर जोर

इस दौरान जयशंकर ने कहा कि भारत और नीदरलैंड के संबंधों की शुरुआत जल प्रबंधन, कृषि और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में सहयोग से हुई थी, लेकिन समय के साथ इस साझेदारी का दायरा बढ़ा है। अब दोनों देश रक्षा, सेमीकंडक्टर, आधुनिक तकनीक और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी मिलकर काम करने की संभावनाएं तलाश रहे हैं।

अगले साल राजनयिक संबंधों के 80 साल

जयशंकर ने बताया कि अगले साल भारत और नीदरलैंड के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 80 वर्ष पूरे होंगे। इस मौके को खास तरीके से मनाने को लेकर भी दोनों देशों के बीच चर्चा होगी। उन्होंने यूरोपीय संघ के साथ भारत के बढ़ते संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों में दोनों पक्षों के बीच काफी प्रगति हुई है। इसमें मुक्त व्यापार समझौता और सुरक्षा एवं रक्षा साझेदारी प्रमुख हैं। भारत अब इस FTA को लागू किए जाने की दिशा में आगे बढ़ने का इंतजार कर रहा है।

यूक्रेन और हिंद-प्रशांत पर भी चर्चा

बैठक में दोनों विदेश मंत्रियों ने यूक्रेन युद्ध, काला सागर क्षेत्र की स्थिति, खाड़ी क्षेत्र में संघर्ष और हिंद-प्रशांत क्षेत्र के घटनाक्रमों पर भी विचार विमर्श हुआ। जयशंकर ने कहा कि आतंकवाद और जलवायु परिवर्तन दोनों देशों के लिए साझा चुनौतियां हैं। इनसे निपटने के लिए आपसी सहयोग जरूरी है।

उन्होंने नीदरलैंड में रह रहे भारतीय समुदाय के प्रति वहां की सरकार के सहयोग की भी सराहना की। जयशंकर के मुताबिक, भारतीय प्रवासी और हिंदुस्तानी-सूरीनामी समुदाय दोनों देशों के बीच एक मजबूत सेतु का काम करते हैं।

हम भारत की भूमिका की बहुत सराहना करते हैं- बेरेंडसन

इस दौरान नीदरलैंड के विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसन ने 'ब्लैक सी ग्रेन कॉरिडोर' समझौते की दिशा में भारत के प्रयासों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि रूस-यूक्रेन संघर्ष के बीच,'ब्लैक सी' (काला सागर) से अनाज की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए एक संभावित समझौते को आगे बढ़ाने में भारत की भूमिका सराहनीय है।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस संघर्ष का असर यूरोप और यूक्रेन से कहीं आगे तक पड़ा है, खासकर वैश्विक खाद्य सुरक्षा पर, जिसमें अनाज और उर्वरक की आपूर्ति भी शामिल है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर ठोस प्रगति हासिल करने के लिए भारत जो कदम उठा रहा है,नीदरलैंड उनका समर्थन करता है।

दो दिवसीय भारत दौरे पर हैं डच विदेश मंत्री

नीदरलैंड के विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसन 22 से 23 नवंबर तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। सोमवार को वह केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी मुलाकात करेंगे। इस दौरान इलेक्ट्रॉनिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी, रेलवे और सूचना एवं प्रसारण से जुड़े मुद्दों पर बातचीत होने की संभावना है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article