शहर

दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षा में सेंध की कोशिश, चकमा देकर टर्मिनल-3 में घुसने वाला था शख्स; CISF ने दौड़ाकर पकड़ा

दिल्ली के IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर बिना वैध यात्रा दस्तावेजों के जबरन प्रवेश करने की कोशिश कर रहे एक व्यक्ति को CISF ने QRT की मदद से कुछ ही सेकंड में पकड़ लिया।

दिल्ली : इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI Airport) के टर्मिनल-3 पर CISF के सतर्क जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जबरन प्रवेश करने का प्रयास कर रहे एक व्यक्ति को पकड़ लिया। जानकारी के अनुसार, टर्मिनल-3 के डिपार्चर गेट पर तैनात CISF कर्मियों ने एक व्यक्ति को बिना वैध यात्रा दस्तावेजों के जबरन टर्मिनल में प्रवेश करने का प्रयास करते हुए देखा। जवानों ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) की मदद से कुछ ही सेकंड में उसे काबू कर लिया और अनधिकृत प्रवेश को रोक दिया।

CISF कर्मियों की इस त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई से संभावित सुरक्षा चूक टल गई। यह घटना हवाई अड्डों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रति CISF की सतर्कता, व्यावसायिक दक्षता और मजबूत परिचालन तत्परता को दर्शाती है। CISF की मुस्तैदी और सजगता से सुरक्षित है देश के हवाई अड्डों की सुरक्षा व्यवस्था।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर टर्मिनल-3 में बिना वैध दस्तावेजों के प्रवेश करने की कोशिश का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले जून 2017 में भी एक व्यक्ति फर्जी टिकट के सहारे टर्मिनल-3 में दाखिल हो गया था। CISF की निगरानी टीम ने उसे गेट नंबर-7 से बाहर निकलते समय पकड़ लिया था। पूछताछ में उसने बताया था कि उसने अपने भाई को विदा करने के लिए जेट एयरवेज के टिकट में एडिटिंग की थी।

इसी तरह सितंबर 2019 में भी CISF ने एक व्यक्ति को टर्मिनल-3 से बाहर निकलते समय पकड़ा था। उसने कथित तौर पर रद्द हो चुके टिकट का इस्तेमाल कर टर्मिनल में प्रवेश किया था। पूछताछ में उसने बताया था कि वह अपनी बहन और भांजी को विदा करने के लिए एयरपोर्ट के अंदर गया था। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया था।

इन घटनाओं से पता चलता है कि एयरपोर्ट के सुरक्षित क्षेत्र में अनधिकृत प्रवेश की कोशिश पहले भी सामने आती रही है। ऐसे में मौजूदा मामले में CISF की त्वरित कार्रवाई महत्वपूर्ण है। जवानों की सतर्कता और वैध यात्रा दस्तावेजों की सख्त जांच से एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलती है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article