Travel Trends 2027: एक समय था जब लोग छुट्टियों में घूमने के लिए पहाड़, समुद्र, ऐतिहासिक जगहें या अच्छे होटल चुनते थे। लेकिन अब लोगों की पसंद धीरे-धीरे बदल रही है। आज के यात्रियों को सिर्फ किसी जगह की खूबसूरती देखना नहीं, बल्कि वहां कुछ अलग अनुभव करना भी पसंद है। कोई अपनी नींद पूरी करने के लिए छुट्टी पर जा रहा है, तो कोई भूतिया जगहों की तलाश में निकल रहा है। साल 2027 में ट्रैवल के ऐसे ही कुछ नए और अनोखे ट्रेंड देखने को मिल सकते हैं, जो घूमने के पारंपरिक अंदाज से काफी अलग हैं।
भूतिया जगहों पर घूमने का बढ़ेगा क्रेज
अगर आपको डरावनी कहानियां सुनना और रहस्यमयी जगहों पर जाना पसंद है, तो भूतिया पर्यटन आपके लिए दिलचस्प हो सकता है। इस ट्रेंड में लोग पुराने किलों, सुनसान इमारतों, डरावने होटल और ऐसी जगहों पर घूमने जाते हैं, जिनके बारे में भूत-प्रेत की कहानियां मशहूर हैं। कुछ लोग रात में इन जगहों की सैर करते हैं, तो कुछ भूतिया अनुभवों से जुड़ी गतिविधियों में हिस्सा लेते हैं। सामान्य घूमने से अलग यह अनुभव लोगों को रोमांच और डर का मजेदार एहसास देता है।
ब्रेकअप हाइक से रिश्तों को समझने की कोशिश
रिश्तों में तनाव हो या किसी बात पर खुलकर चर्चा करनी हो, अब लोग इसके लिए पहाड़ों और प्रकृति का सहारा लेने लगे हैं। ब्रेकअप हाइक या ट्रेलसाइड थेरेपी का यह ट्रेंड कपल्स को साथ चलते हुए अपनी बात रखने का मौका देता है। पहाड़ी रास्तों पर चलते हुए मोबाइल और आसपास की भागदौड़ से दूर रहकर लोग एक-दूसरे की बात बेहतर तरीके से सुन सकते हैं। हालांकि, हर समस्या का हल घूमने से नहीं निकलता, लेकिन शांत माहौल में बातचीत करना कई बार रिश्तों को समझने में मदद कर सकता है।
गॉथिक होटल में ठहरने का अनुभव
आजकल यात्रियों के लिए होटल में सिर्फ आरामदायक बिस्तर और अच्छी सुविधाएं ही मायने नहीं रखतीं, बल्कि वहां का माहौल भी काफी महत्वपूर्ण हो गया है। गॉथिक होटल इसी पसंद को पूरा करते हैं। पुराने महल जैसी इमारतें, गहरे रंगों की सजावट, एंटीक फर्नीचर, ऊंची छतें और रहस्यमयी माहौल इन होटलों को खास बनाते हैं। ऐसे होटल उन लोगों को आकर्षित कर सकते हैं, जो अपनी छुट्टियों में कुछ अलग और यादगार अनुभव करना चाहते हैं।
शौक के हिसाब से प्लान होंगी छुट्टियां
अब लोग सिर्फ घूमने के लिए यात्रा नहीं कर रहे, बल्कि अपने पसंदीदा शौक को पूरा करने के लिए भी ट्रिप प्लान कर रहे हैं। किसी को फोटोग्राफी पसंद है, तो वह खूबसूरत लोकेशन पर फोटो खींचने जाता है। किसी को पेंटिंग, गेम्स, कुकिंग या हस्तकला का शौक है, तो वह ऐसी जगह चुनता है जहां इन गतिविधियों का अनुभव मिल सके। इस तरह की यात्राओं में समान रुचि वाले लोगों से मिलने और कुछ नया सीखने का मौका भी मिलता है।
स्लीप टूरिज्म यानी सिर्फ आराम और अच्छी नींद के लिए यात्रा
काम, मोबाइल और रोजमर्रा की भागदौड़ के कारण कई लोगों की नींद प्रभावित होती है। ऐसे में स्लीप टूरिज्म का चलन बढ़ रहा है। इस तरह की यात्रा में लोग ऐसे होटल या रिसॉर्ट चुनते हैं, जहां शांत वातावरण, आरामदायक बिस्तर, कम रोशनी, बेहतर स्लीपिंग सुविधाएं और तनाव कम करने वाली गतिविधियां मिलें। यहां घूमने-फिरने की भागदौड़ कम और आराम करने पर ज्यादा ध्यान दिया जाता है। कई लोगों के लिए छुट्टियों का मतलब अब नई जगह देखना नहीं, बल्कि बिना किसी चिंता के चैन से सोना भी है।
बचपन की यादें जीने के लिए होगी यात्रा
बड़े होने के बाद जिम्मेदारियां और काम इतने बढ़ जाते हैं कि लोग बचपन की छोटी-छोटी खुशियों को भूल जाते हैं। Un-Adulting ट्रेंड इसी एहसास को फिर से जीने का मौका देता है। इसमें लोग मनोरंजन पार्क जाते हैं, बचपन के पसंदीदा गेम खेलते हैं, खिलौनों से जुड़ी जगहों पर घूमते हैं या ऐसी गतिविधियां करते हैं, जिन्हें बड़े होने के बाद अक्सर छोड़ दिया जाता है। इस तरह की यात्राओं का मकसद बिना किसी चिंता के कुछ समय अपने लिए निकालना और पुरानी यादों को ताजा करना है।
साल 2027 में यात्रा का मतलब सिर्फ नई जगहों पर घूमना नहीं, बल्कि खुद को समय देना, अपने रिश्तों को समझना, शौक पूरे करना और जिंदगी से जुड़े नए अनुभव हासिल करना भी हो सकता है। आने वाले समय में लोग ऐसी छुट्टियां ज्यादा पसंद कर सकते हैं, जो उन्हें सिर्फ तस्वीरें नहीं, बल्कि यादगार एहसास भी देकर लौटें।
