Hisar Army Training Accident: हरियाणा के हिसार में रविवार को सैन्य प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान एक दर्दनाक हादसे में भारतीय सेना के दो जवानों की मौत हो गई। भोजराज गांव के पास सेना के प्रशिक्षण केंद्र में अभ्यास के दौरान एक टैंक की चपेट में आने से दोनों ने अपनी जान गंवाई।
कब हुआ था हादसा?
पुलिस ने एक बयान में बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सैन्य अभ्यास के दौरान धूल उड़ने की वजह से टैंक चालक को कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। बताया जा रहा है कि हादसे के समय सैन्य अभ्यास में 32 टैंक शामिल थे। इस हादसे में दोनों सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तुरंत हिसार के सैन्य अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस घटना की सूचना सीनियर आर्मी अधिकारियों को दी गई, जबकि हिसार पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू की। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, जांच अधिकारी अशोक कुंडू ने बताया कि पुलिस को दोपहर करीब 3 बजे सैन्य प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान हादसा होने की सूचना मिली थी। घटना की जानकारी मिलते ही हिसार पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। अस्पताल से रिपोर्ट प्राप्त की गई और 22 नवंबर को दोनों जवानों के परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: तमिलनाडु में भीषण सड़क हादसा, हाईवे पर पेड़ से टकराई कार, 8 लोगों की मौत
बकौल अशोक कुंडू, हादसे में जान गंवाने वाले जवानों की पहचान नायक मनीष कुमार और नायक अंकुश कुमार के रूप में हुई है। नायक 28 वर्षीय मनीष कुमार शामली (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले थे, जबकि नायक 36 वर्षीय अंकुश कुमार बदायूं जिले के निवासी थे। पोस्टमार्टम के बाद सेना ने दोनों जवानों के पार्थिव शरीर पूरे सैन्य सम्मान के साथ अपने कब्जे में ले लिए। जांच अधिकारी ने कहा कि हिसार पुलिस असमय जवानों की मौत पर दुख जताती है और वीर जवानों के बलिदान को सदा स्मर्णीय रखा जाएगा।
