Times Now Navbharat
live-tv
Premium

यूक्रेन में सैनिक क्यों भेज रहा फ्रांस? रूस ने दी हमले की चेतावनी, क्या युद्ध में सीधे कूदने की तैयारी?

फ्रांस के सैनिकों की यूक्रेन में मौजूदगी ने रूस और पश्चिमी देशों के बीच पहले से जारी तनाव को एक नया मुद्दा दे दिया है। अभी तक पश्चिमी देशों ने यूक्रेन को हथियार, खुफिया जानकारी और सैन्य प्रशिक्षण देकर मदद की है। लेकिन यूक्रेन की सीमा के भीतर विदेशी सैन्य विशेषज्ञों की मौजूदगी इस सहयोग को एक अलग स्तर पर ले जाती है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर फ्रांस यूक्रेन में अपने सैनिक क्यों भेज रहा है? वहां उनकी क्या भूमिका है और रूस इस पर इतना नाराज क्यों है? आइए समझते हैं।

Image
यूक्रेन में सैनिक भेजने को लेकर फ्रांस की रूस से ठनी। (फोटो- ai)
Edited by: शिव शुक्ला
Updated Nov 22, 2026, 23:00 IST
Follow on Google News

24 फरवरी 2022 से रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध का खात्मा होता नहीं दिख रहा है, वहीं अब जंग में फ्रांस की सैन्य मौजूदगी को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। हाल ही में फ्रांस ने स्वीकार किया है कि उसके कुछ सैन्यकर्मी यूक्रेन में समय-समय पर पहुंचते हैं। ये सैनिक वहां यूक्रेनी सेना को हथियारों के रखरखाव, तकनीकी सहायता और प्रशिक्षण देने का काम करते हैं। हालांकि, फ्रांस का दावा है कि ये सैनिक सीधे युद्ध में हिस्सा नहीं ले रहे हैं और न ही इन्हें मोर्चे पर तैनात किया गया है।

दूसरी तरफ रूस ने फ्रांस के इस कदम पर कड़ी आपत्ति जताई है। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने साफ कहा है कि यह यूक्रेन की मदद करना नहीं, बल्कि युद्ध में सीधे शामिल होना है। रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने तो यहां तक चेतावनी दी है कि यूक्रेन में मौजूद किसी भी विदेशी सैनिक को रूस वैध सैन्य निशाना मानेगा। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर फ्रांस यूक्रेन में अपने सैनिक क्यों भेज रहा है? वहां उनकी क्या भूमिका है और रूस इस पर इतना नाराज क्यों है? आइए समझते हैं।

सबसे पहला सवाल- फ्रांस यूक्रेन में अपने सैनिक क्यों भेज रहा है?

यूक्रेन में फ्रांसीसी सैनिकों की मौजूदगी को लेकर फ्रांस का कहना है कि उसने यूक्रेन को बड़ी संख्या में आधुनिक और तकनीकी रूप से जटिल हथियार दिए हैं। इन हथियारों को इस्तेमाल करने के साथ-साथ उनका रखरखाव करना भी जरूरी है। यही वजह है कि फ्रांस के कुछ सैन्य विशेषज्ञ और हथियार इंजीनियर समय-समय पर यूक्रेन पहुंचते हैं।

फ्रांस की उप रक्षा मंत्री एलिस रूफो ने कहा कि ये सैन्यकर्मी अग्रिम मोर्चे से काफी दूर रहते हैं। उनका काम हथियारों की तकनीकी देखभाल करना और जरूरत के मुताबिक यूक्रेनी सैनिकों को प्रशिक्षण देना है। इनमें इंजीनियर और हथियारों के विशेषज्ञ शामिल हैं। रूफो ने बताया कि ये सैनिक नियमित रूप से बड़ी संख्या में तैनात नहीं रहते, बल्कि जरूरत पड़ने पर सीमित अवधि के लिए मिशन पर आते हैं। फ्रांस का दावा है कि इनका किसी भी तरह के युद्ध अभियान में शामिल होने का इरादा नहीं है।

किन हथियारों के रखरखाव में मदद कर रहा है फ्रांस?

फ्रांस ने रूस के साथ युद्ध शुरू होने के बाद से यूक्रेन को कई तरह के आधुनिक हथियार और सैन्य उपकरण मुहैया कराए हैं। इनमें लड़ाकू विमान से लेकर तोपें और मिसाइलें तक शामिल हैं।

मिराज 2000-5 लड़ाकू विमान: फ्रांस ने पिछले साल यूक्रेन को मिराज 2000-5 लड़ाकू विमानों की आपूर्ति शुरू की थी। इन विमानों को उड़ाने और उनकी तकनीकी देखभाल के लिए यूक्रेनी पायलटों और मैकेनिकों को फ्रांस में प्रशिक्षण भी दिया गया। फ्रांस के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि इन विमानों ने रूस के मिसाइल और ड्रोन हमलों को रोकने में मदद की है।

सीजर हॉवित्जर तोपें: फ्रांस ने यूक्रेन को सीजर (CAESAR) स्वचालित हॉवित्जर तोपें भी दी हैं। ये लंबी दूरी तक सटीक निशाना लगाने में सक्षम हैं। फ्रांस के मुताबिक, सहयोगी देशों से मिली मदद और खरीद के जरिए यूक्रेन के पास अब फ्रांस में बनी इन तोपों का दुनिया का सबसे बड़ा बेड़ा है।

अन्य सैन्य उपकरण: फ्रांस ने यूक्रेन को सटीक निशाना लगाने वाले बम, क्रूज मिसाइल, एयर डिफेंस सिस्टम, हल्के टैंक और दूसरे सैन्य उपकरण भी दिए हैं। इन सभी उपकरणों के प्रभावी इस्तेमाल और रखरखाव के लिए तकनीकी विशेषज्ञों की जरूरत होती है।

सैनिकों की मौजूदगी को लेकर फ्रांस का है ये कहना

फ्रांस की उप रक्षा मंत्री एलिस रूफो ने साफ किया है कि यूक्रेन में मौजूद फ्रांसीसी सैन्यकर्मी लड़ाई में हिस्सा नहीं ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि फ्रांस रूस के साथ युद्ध में नहीं है, इसलिए यूक्रेन में मौजूद इन लोगों को युद्धक सैन्य टुकड़ी नहीं माना जा सकता।फ्रांस ने यह भी संकेत दिया है कि रूस की ओर से यूक्रेन के ठिकानों पर हवाई हमले तेज होने के बाद वह यूक्रेन को अपनी सैन्य मदद और बढ़ा रहा है।

रूस फ्रांस के इस कदम से क्यों नाराज है?

रूस की नाराजगी की सबसे बड़ी वजह यह है कि वह यूक्रेन में किसी भी विदेशी सैन्य मौजूदगी को अपने खिलाफ पश्चिमी देशों की बढ़ती भागीदारी के तौर पर देखता है। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने हाल ही में फिलीपींस की राजधानी मनीला में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि फ्रांसीसी सैन्यकर्मी पिछले छह महीने से ज्यादा समय से यूक्रेन में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि रूस ने संबंधित देशों को अपने राजनयिक माध्यमों से इस बारे में चिंता जताई है।

लावरोव ने कहा कि यह केवल यूक्रेन को सैन्य सहायता देने तक सीमित नहीं है, बल्कि युद्ध में सीधे भागीदारी का मामला है। उन्होंने इस दौरान पश्चिमी देशों की ओर से यूक्रेन को सैटेलाइट डेटा और सैन्य लक्ष्यों की जानकारी मुहैया कराने का भी जिक्र किया। रूस का कहना है कि जब विदेशी सैनिक यूक्रेन में हथियारों के रखरखाव और सैन्य प्रशिक्षण का काम करते हैं, तो उनकी भूमिका केवल सहायता देने तक सीमित नहीं रह जाती।

रूस ने विदेशी सैनिकों को लेकर दी चेतावनी

रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने विदेशी सैनिकों की मौजूदगी पर और सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि रूस यूक्रेन में मौजूद किसी भी विदेशी सैनिक को वैध सैन्य निशाना मानेगा।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में जवाबी कार्रवाई किस तरह की होगी, इसका फैसला रूसी सेना करेगी। इस बयान को फ्रांस और अन्य पश्चिमी देशों के लिए चेतावनी के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, रूस ने अभी यह नहीं बताया है कि फ्रांस के सैन्यकर्मियों के खिलाफ वह किस तरह की कार्रवाई कर सकता है।

फ्रांस के अलावा इस देश के भी सैनिक यूक्रेन में

फ्रांस अकेला पश्चिमी देश नहीं है, जिसके सैन्यकर्मी यूक्रेन में मौजूद हैं। ब्रिटेन ने भी यूक्रेन में अपने सैनिकों की मौजूदगी की पुष्टि की है। हालांकि, ब्रिटिश सरकार ने उनकी संख्या और वहां निभाई जा रही जिम्मेदारियों के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी है। ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने पिछले एक साल में यूक्रेन में दो ब्रिटिश सैनिकों की मौत की पुष्टि की है। दोनों मामलों में मौत दुर्घटनाओं के कारण हुई थी।

गौरतलब है कि 24 फरवरी 2022 को रूस ने यूक्रेन पर पूर्ण सैन्य हमला शुरू किया था। इसके बाद से दुनिया के कई देशों ने यूक्रेनी सैनिकों को सैन्य प्रशिक्षण दिया है। फ्रांस, ब्रिटेन, अमेरिका, पोलैंड और जर्मनी जैसे देशों में एक लाख से अधिक यूक्रेनी सैनिकों को प्रशिक्षित किया जा चुका है। इस प्रशिक्षण में पैट्रियट मिसाइल सिस्टम, एफ-16 लड़ाकू विमान, सैन्य भर्ती, अधिकारियों, मेडिकल स्टाफ और दूसरे विशेषज्ञों को तैयार करना शामिल रहा है। हालांकि, यह प्रशिक्षण यूक्रेन की सीमा के बाहर दिया गया है।

क्या फ्रांस की मौजूदगी से रूस-यूक्रेन युद्ध और बढ़ सकता है?

फ्रांस के सैनिकों की यूक्रेन में मौजूदगी ने रूस और पश्चिमी देशों के बीच पहले से जारी तनाव को एक नया मुद्दा दे दिया है। अभी तक पश्चिमी देशों ने यूक्रेन को हथियार, खुफिया जानकारी और सैन्य प्रशिक्षण देकर मदद की है। लेकिन यूक्रेन की सीमा के भीतर विदेशी सैन्य विशेषज्ञों की मौजूदगी इस सहयोग को एक अलग स्तर पर ले जाती है। फ्रांस इसे तकनीकी सहायता और प्रशिक्षण का सीमित मिशन बता रहा है, जबकि रूस इसे युद्ध में प्रत्यक्ष भागीदारी मान रहा है।

End of Article