एक्सप्लेनर्स

क्या है स्व-गणना पोर्टल? घर बैठे आखिर कैसे भरे ऑनलाइन फॉर्म? यहां पढ़ें हर एक सवाल का सटीक जवाब

Census 2027: स्व-गणना पोर्टल भारत सरकार की ओर से शुरू की गई एक ऑनलाइन सुविधा है, जिसके जरिए लोग घर बैठे अपनी और अपने परिवार की जानकारी जगणना के लिए दर्ज करा सकते हैं।

Image

स्व-गणना पोर्टल पर ऐसे भरें जानकारी

Photo : Times Now Digital

Census 2027: उत्तर प्रदेश, पंजाब और गोवा समेत चार राज्यों में जनगणना 2027 के दूसरे चरण की शुरुआत हो गई है। इस चरण के तहत स्व-गणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया 16 नवंबर से शुरू होकर 30 नवंबर तक चलेगी। इस प्रक्रिया के तहत लोग खुद घर बैठे ऑनलाइन अपनी और अपने परिवार की जानकारी दर्ज करा सकेंगे। इसके लिए सरकार ने एक खास पोर्टल की शुरुआत की है तो चलिए विस्तार से समझते हैं कि स्व-गणना क्या है? और कैसे घर बैठे अपनी जानकारी दर्ज करा सकते हैं?

क्या है स्व-गणना पोर्टल (What is Self Enumeration Portal)

स्व-गणना पोर्टल भारत सरकार की ओर से शुरू की गई एक ऑनलाइन सुविधा है, जिसके जरिए लोग घर बैठे अपनी और अपने परिवार की जानकारी जगणना के लिए दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए आपको https://se.census.gov.in/ इस पर क्लिक करना है।

आसान भाषा में कहें तो जनगणना के दौरान जब सरकारी अधिकारी घर आकर आपके और आपके परिवार के बारे में विवरण रजिस्टर में लिखता है। उसे आप खुद ही ऑनलाइन तरीके से भर सकेंगे। इस सुविधा की शुरुआत जनगणना 2027 के तहत की गई है। देश में पहली बार डिजिटल जनगणना हो रही है, जिसमें लोगों को खुद ऑनलाइन जानकारी देने का विकल्प मिला है।

जब आप https://se.census.gov.in/ पोर्टल पर अपनी जानकारी भर देंगे तो आपको एक खास स्व-गणना पहचान संख्या (ID Number) मिलेगी। इस आईडी को घर-घर जनगणना के लिए आने वाले गणना अधिकारी के साथ साझा करना होगा। इन राज्यों में घर-घर जाकर जनगणना का काम 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक चलेगा।

Self Enumeration

स्व-गणना पोर्टल (फोटो साभार: https://se.census.gov.in/)

ऑनलाइन कैसे भरें स्व-गणना की जानकारी?

आधिकारिक वेबसाइट खोलें: सबसे पहले https://se.census.gov.in/ पर जाएं।

राज्य का चयन करें: अपने राज्य और भाषा का चयन करें।

मोबाइल नंबर दर्ज करें: अब आप अपना मोबाइल नंबर दर्ज करके आगे बढ़ें। आगे आपको कैप्चा और मोबाइल नंबर पर आए OTP को भी भरना पड़ेगा।

लोकेशन बताएं: डिजिटल मैप पर अपने घर की सही लोकेशन चुनें। आपको यहां बताता पड़ेगा कि आप किस जिले या किस इलाके में रहते हैं।

परिवार की जानकारी भरें: परिवार के मुखिया का नाम और घर से जुड़े अन्य जरूरी विवरण दर्ज करें।

सभी सवालों के जवाब दें: पोर्टल पर पूछे गए सभी 40 सवालों के जवाब दें।

फॉर्म सबमिट करें: जानकारी की जांच करने के बाद फॉर्म जमा कर दें।

SE ID प्राप्त करें: सफलतापूर्वक फॉर्म जमा होने पर एक यूनिक Self Enumeration ID मिलेगी।

मोबाइल नंबर बता रहा गलत तो क्या करें?

अगर स्व-गणना के दौरान आपके द्वारा दर्ज किया गया मोबाइल नंबर जनगणना के पहले चरण (HLO) के दौरान दिए गए मोबाइल नंबर से मेल नहीं खाता है, तो प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ेगी और स्क्रीन पर एक पॉप-अप मैसेज दिखाई देगा। इस दौरान आपसे पूछा जाएगा कि क्या आप इसी मोबाइल नंबर के साथ आगे बढ़ना चाहते हैं या कोई अन्य नंबर दर्ज करना चाहते हैं। अगर दूसरा नंबर इस्तेमाल करना है तो 'अन्य मोबाइल नंबर दर्ज करें' वाले विकल्प का चयन करें।

कौन-कौन से प्रश्न पूछे जाएंगे?

  • व्यक्ति का नाम
  • मुखिया से संबंध
  • लिंग
  • जन्म तिथि और आयु (पूर्ण वर्षों में)
  • वर्तमान वैवाहिक स्थिति
  • विवाह के समय आयु (पूर्ण वर्षों में)
  • पति/पत्नी का नाम
  • घोषित राष्ट्रीयता
  • धर्म
  • अनुसूचित जाति (अ.जा.)/अनुसूचित जनजाति (अ.ज.जा.)/जाति
  • पिता का विवरण
  • माता का विवरण
  • नि:शक्तता
  • मातृभाषा एवं अन्य भाषाओं का ज्ञान
  • साक्षरता एवं डिजिटल साक्षरता की स्थिति
  • शैक्षणिक संस्थान में शिक्षा ग्रहण की स्थिति
  • प्राप्त शिक्षा का उच्चतम स्तर तथा संकाय/विषय
  • पिछले वर्ष किसी भी समय कोई कामकाज किया
  • आर्थिक कार्यकलाप की श्रेणी
  • व्यवसाय
  • उद्योग, व्यापार अथवा सेवा का स्वरूप
  • कर्मी का वर्ग
  • गैर-आर्थिक कार्यकलाप (अल्पकालिक, अर्द्ध-अल्पकालिक और गैर कर्मी के लिए)
  • काम की खोज में अथवा काम के लिए उपलब्ध (अल्पकालिक, अर्द्ध-अल्पकालिक और गैर कर्मी के लिए)
  • कार्यस्थल तक की यात्रा
  • जन्म स्थान
  • पूर्व निवास स्थान
  • स्थान परिवर्तन का कारण
  • स्थान परिवर्तन के पश्चात इस गांव/नगर में निवास की अवधि
  • स्थायी निवास स्थान का पता
  • वर्तमान में जीवित बच्चों की संख्या (केवल वर्तमान में विवाहित, विधवा, तलाकशुदा और संबंध विच्छेदित महिला के लिए)
  • कभी भी जीवित पैदा हुए बच्चों की संख्या (केवल वर्तमान में विवाहित, विधवा, तलाकशुदा और संबंध विच्छेदित महिला के लिए)
  • पिछले एक वर्ष के दौरान जीवित पैदा हुए बच्चों की संख्या (केवल वर्तमान में विवाहित महिला के लिए)
  • कोविड-19 टीकाकरण का स्थान
  • बैंक खातों की कुल संख्या
  • मोबाइल नंबर (यदि उपलब्ध हो)
  • आधार नंबर (यदि उपलब्ध हो)
  • वोटर आईडी नंबर (यदि उपलब्ध हो)
  • पासपोर्ट नंबर (यदि भारतीय पासपोर्ट धारक हैं)
  • ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता

खुद भरनी होगी जाति/उपजाति का नाम

स्व-गणना फॉर्म के 10वें सवाल पर व्यक्ति को जाति से जुड़ा विवरण देना होगा। आसान भाषा में समझें तो व्यक्ति को बताना होगा कि वह अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) से संबंधित है या किसी अन्य जाति से। पोर्टल पर अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए अलग-अलग विकल्प दिए गए हैं। हालांकि, अन्य जातियों के लिए कोई पूर्व निर्धारित ड्रॉपडाउन सूची उपलब्ध नहीं है। ऐसे में संबंधित व्यक्तियों को अपनी जाति या उपजाति का नाम खुद दर्ज करना होगा।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article